चंडीगढ़। राजवीर दीक्षित
(“Recruitment Open in Electricity Department! Over 6,000 Vacancies, Golden Opportunity for 10th Pass Candidates “) पंजाब के युवाओं के लिए नौकरी का एक बड़ा अवसर सामने आया है। पंजाब स्टेट पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड (PSPCL) ने असिस्टेंट लाइनमैन समेत कुल 6,289 पदों पर भर्ती के लिए आवेदन मांगे हैं। बिजली विभाग में निकली यह भर्ती लंबे समय से सरकारी नौकरी का इंतजार कर रहे उम्मीदवारों के लिए सुनहरा मौका मानी जा रही है।
भर्ती प्रक्रिया 15 जून 2026 से शुरू होगी और इच्छुक उम्मीदवार 9 जुलाई 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। उम्मीदवार PSPCL की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर आवेदन प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं।
शैक्षणिक योग्यता की बात करें तो उम्मीदवार का 10वीं पास होना अनिवार्य है। इसके साथ ही लाइनमैन ट्रेड में आईटीआई (ITI) सर्टिफिकेट या नेशनल अप्रेंटिसशिप सर्टिफिकेट होना चाहिए। इसके अलावा उम्मीदवार ने 10वीं कक्षा में पंजाबी विषय पढ़ा हो और उसमें उत्तीर्ण होना भी जरूरी रखा गया है।
चयनित उम्मीदवारों को शुरुआती तौर पर 19,990 रुपये प्रतिमाह वेतन दिया जाएगा। आयु सीमा 18 से 37 वर्ष निर्धारित की गई है। हालांकि, आरक्षित वर्ग के उम्मीदवारों को सरकारी नियमों के अनुसार आयु में छूट का लाभ मिलेगा।
पंजाब में बड़ी संख्या में खाली पदों को भरने के लिए निकाली गई यह भर्ती युवाओं के लिए रोजगार का बेहतरीन अवसर है। बिजली विभाग में स्थायी नौकरी पाने की इच्छा रखने वाले उम्मीदवारों को सलाह दी जाती है कि वे अंतिम तिथि का इंतजार न करें और समय रहते आवेदन प्रक्रिया पूरी कर लें।
सरकारी क्षेत्र में करियर बनाने का सपना देख रहे हजारों युवाओं के लिए PSPCL की यह भर्ती 2026 की सबसे बड़ी भर्तियों में से एक मानी जा रही है, जिससे प्रदेश के बेरोजगार युवाओं को रोजगार मिलने की उम्मीद बढ़ गई है।



















