चंडीगढ़। राजवीर दीक्षित
(“PhonePe Users Alert! Do This Immediately or Your Bank Account Could Be Emptied “) अगर आप भी PhonePe का इस्तेमाल करते हैं, तो यह खबर आपके लिए बेहद जरूरी है। डिजिटल पेमेंट प्लेटफॉर्म PhonePe ने अपने वॉलेट से जुड़े नियमों में बड़ा बदलाव किया है, जिसके बाद कुछ यूजर्स को 100 रुपये तक की इनएक्टिविटी मेंटेनेंस फीस देनी पड़ सकती है।
नए नियमों के अनुसार, यदि कोई यूजर लगातार 365 दिनों तक अपने PhonePe Wallet का इस्तेमाल नहीं करता है, तो उसका वॉलेट ‘इनएक्टिव’ माना जाएगा। ऐसे मामलों में कंपनी 100 रुपये की मेंटेनेंस फीस वसूल सकती है। हालांकि यह शुल्क सभी यूजर्स पर लागू नहीं होगा, बल्कि केवल उन लोगों पर लागू होगा जिन्होंने एक साल तक अपने वॉलेट से कोई लेन-देन नहीं किया है।
ध्यान देने वाली बात यह है कि केवल PhonePe ऐप खोलना या UPI के जरिए बैंक खाते से भुगतान करना वॉलेट गतिविधि नहीं माना जाएगा। फीस से बचने के लिए यूजर्स को अपने PhonePe Wallet से कम से कम एक ट्रांजैक्शन करना होगा, जिससे वॉलेट सक्रिय बना रहे।
इस फैसले के सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर कई यूजर्स ने नाराजगी जताई है। उनका कहना है कि ज्यादातर लोग PhonePe Wallet की बजाय सीधे बैंक खाते से UPI भुगतान करते हैं, इसलिए यह नियम कई लोगों को प्रभावित कर सकता है।
कंपनी का कहना है कि शुल्क काटने से पहले यूजर्स को 15 दिन का नोटिस दिया जाएगा। यदि वॉलेट में पर्याप्त बैलेंस होगा तो फीस सीधे काट ली जाएगी। वहीं, यदि बैलेंस 100 रुपये से कम है, तो उपलब्ध राशि काटकर वॉलेट बैलेंस शून्य कर दिया जाएगा।
गौरतलब है कि PhonePe ऐसा करने वाली पहली कंपनी नहीं है। इससे पहले भी डिजिटल पेमेंट सेक्टर की कई कंपनियां, जिनमें Mobikwik शामिल है, निष्क्रिय वॉलेट्स पर इसी तरह की फीस लागू कर चुकी हैं। ऐसे में PhonePe यूजर्स को सलाह दी जा रही है कि वे समय-समय पर अपने वॉलेट का उपयोग करते रहें ताकि किसी भी अतिरिक्त शुल्क से बचा जा सके।



















