चंडीगढ़। राजवीर दीक्षित
(“Dosanjhawala Takes Over! Los Angeles Declares January 6 as ‘Diljit Dosanjh Day’ “) पंजाब के मशहूर गायक और अभिनेता दिलजीत दोसांझ ने एक बार फिर इतिहास रच दिया है। अपनी शानदार गायकी, अभिनय और वैश्विक लोकप्रियता के दम पर दिलजीत ने ऐसा मुकाम हासिल किया है, जिस पर हर भारतीय और खासकर पंजाबी समुदाय को गर्व होगा। अमेरिका के लॉस एंजेलिस सिटी काउंसिल ने आधिकारिक तौर पर 6 जनवरी 2027 को ‘दिलजीत दोसांझ डे’ घोषित करने का ऐतिहासिक फैसला लिया है।
यह सम्मान दिलजीत को पंजाबी संगीत और संस्कृति को अंतरराष्ट्रीय मंच पर पहचान दिलाने तथा अमेरिकी पॉप संस्कृति में दक्षिण एशियाई प्रतिनिधित्व को मजबूत करने के लिए दिया गया है। दिलजीत दोसांझ लगातार अपनी कला के माध्यम से दुनिया भर में पंजाब की संस्कृति, भाषा और संगीत को नई ऊंचाइयों तक पहुंचा रहे हैं। यही वजह है कि अब उनका नाम केवल भारत ही नहीं, बल्कि वैश्विक मनोरंजन जगत में भी बड़ी पहचान बन चुका है।
दिलचस्प बात यह है कि 6 जनवरी दिलजीत दोसांझ का जन्मदिन भी है। ऐसे में इस दिन को उनके नाम समर्पित करना उनके प्रशंसकों के लिए किसी बड़े तोहफे से कम नहीं माना जा रहा। लॉस एंजेलिस सिटी काउंसिल द्वारा पारित नागरिक प्रस्ताव में उनके योगदान की सराहना करते हुए यह विशेष सम्मान प्रदान किया गया।
इस ऐतिहासिक उपलब्धि की जानकारी खुद दिलजीत दोसांझ ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर एक वीडियो साझा कर दी। वीडियो में काउंसिलवुमन मोनिका रोड्रिगेज उन्हें इस सम्मान की आधिकारिक घोषणा के बारे में बताती नजर आ रही हैं। वीडियो सामने आते ही दुनियाभर में मौजूद उनके फैंस खुशी से झूम उठे और सोशल मीडिया पर बधाइयों का सिलसिला शुरू हो गया।
दिलजीत दोसांझ की यह उपलब्धि न केवल उनके लिए बल्कि पूरे पंजाबी समुदाय और भारतीय संगीत उद्योग के लिए गर्व का क्षण है। यह साबित करता है कि प्रतिभा और मेहनत की कोई सीमा नहीं होती।



















