ऊना। राजवीर दीक्षित
(“Yoga Day in Una “) अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले में योग को लेकर लोगों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। जिला स्तरीय मुख्य कार्यक्रम बढ़ेड़ा स्थित हिमकैप्स नर्सिंग एंड लॉ कॉलेज में आयोजित किया गया, जहां प्रशिक्षुओं, विद्यार्थियों, अधिकारियों, कर्मचारियों और स्थानीय नागरिकों सहित करीब 600 लोगों ने सामूहिक योगाभ्यास कर स्वस्थ जीवन का संदेश दिया।
कार्यक्रम में आयुष विभाग के योग प्रशिक्षकों ने प्रतिभागियों को विभिन्न योगासन और प्राणायाम का अभ्यास करवाया। लगभग एक घंटे तक चले इस विशेष सत्र में योग के शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक लाभों की विस्तृत जानकारी भी दी गई। प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक योगाभ्यास करते हुए फिट और निरोग जीवन का संकल्प लिया।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि सहायक आयुक्त ऊना विनय मोदी ने कहा कि योग भारत की प्राचीन ज्ञान परंपरा की अमूल्य देन है, जिसने पूरी दुनिया में अपनी अलग पहचान बनाई है। उन्होंने “करें योग, रहें निरोग” के संदेश को अपनाने का आह्वान करते हुए कहा कि नियमित योगाभ्यास से व्यक्ति के शरीर और मन में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है तथा तनावमुक्त और अनुशासित जीवन जीने की प्रेरणा मिलती है।
वहीं, विधायक सतपाल सिंह सत्ती ने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि स्वस्थ शरीर, शांत मन और संतुलित जीवन का आधार है। उन्होंने विशेष रूप से युवाओं से योग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने की अपील की ताकि वे शारीरिक और मानसिक रूप से मजबूत बनकर समाज और राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकें।
जिला आयुर्वेद अधिकारी डॉ. किरण शर्मा ने बताया कि अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में पिछले एक माह से जिलेभर में विभिन्न योग शिविर और जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। कार्यक्रम के दौरान लोगों को योग के महत्व और नियमित अभ्यास से होने वाले लाभों के बारे में जागरूक किया गया। योग दिवस पर जिलेभर में आयोजित कार्यक्रमों ने स्वास्थ्य, फिटनेस और सकारात्मक जीवनशैली का संदेश दिया।



















