Home accident चलती स्लीपर बस बनी आग का गोला, 80 यात्रियों की जान पर...

चलती स्लीपर बस बनी आग का गोला, 80 यात्रियों की जान पर बनी

चंडीगढ़। राजवीर दीक्षित
(“Running Sleeper Bus Turns Into Fireball “)लुधियाना से एक बड़ी और चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां लुधियाना-अमृतसर नेशनल हाईवे पर चलती एक एसी स्लीपर बस में अचानक भीषण आग लग गई। बस में करीब 80 यात्री सवार थे, जिनमें महिलाएं और बच्चे भी शामिल थे। आग लगते ही बस में अफरा-तफरी मच गई और यात्रियों में चीख-पुकार शुरू हो गई। बताया जा रहा है कि बस जालंधर से उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले की ओर जा रही थी।

घटना खन्ना के नजदीक बीजा गांव के पास हुई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बस में अचानक धुआं उठना शुरू हुआ और देखते ही देखते आग ने पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया। स्थिति की गंभीरता को भांपते हुए ड्राइवर ने तुरंत बस को सड़क किनारे रोका, जबकि कंडक्टर और अन्य स्टाफ ने तेजी दिखाते हुए यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकालना शुरू कर दिया।

हालांकि सभी यात्रियों की जान बचा ली गई, लेकिन आग इतनी तेजी से फैली कि अधिकांश यात्री अपना सामान तक नहीं निकाल सके। देखते ही देखते बस में रखा सारा सामान जलकर राख हो गया। कुछ यात्रियों को भगदड़ और जल्दबाजी में नीचे उतरते समय मामूली चोटें और झुलसने की शिकायत हुई, जिन्हें मौके पर प्राथमिक उपचार दिया गया।

सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंच गईं। दमकल विभाग की दो गाड़ियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक बस पूरी तरह जल चुकी थी। खन्ना की एसडीएम स्वाति तिवाना ने भी घटनास्थल का दौरा कर राहत और बचाव कार्यों का जायजा लिया।

प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट या तकनीकी खराबी माना जा रहा है, हालांकि वास्तविक वजह जांच पूरी होने के बाद ही सामने आएगी। राहत की बात यह रही कि इस भयावह हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन यात्रियों को भारी आर्थिक नुकसान का सामना करना पड़ा है। यह घटना एक बार फिर सार्वजनिक परिवहन वाहनों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर रही है।

Translate »
error: Content is protected !!