Home Chandigarh पंजाब कांग्रेस में बड़ा बदलाव, चुनाव से पहले हाईकमान का बड़ा दांव

पंजाब कांग्रेस में बड़ा बदलाव, चुनाव से पहले हाईकमान का बड़ा दांव

चंडीगढ़। राजवीर दीक्षित

(“Punjab Congress Big Update “) पंजाब विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस हाईकमान ने संगठन को मजबूत करने और गुटबाजी पर लगाम लगाने के लिए बड़ा फैसला लिया है। पार्टी ने फिलहाल अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग को ही पंजाब कांग्रेस का अध्यक्ष बनाए रखने का निर्णय लिया है। वहीं, पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी को चुनाव अभियान समिति (Campaign Committee) का चेयरमैन बनाया गया है। इसके अलावा कांग्रेस विधायक दल (CLP) के नेता के रूप में प्रताप सिंह बाजवा अपनी जिम्मेदारी निभाते रहेंगे।

कांग्रेस ने चुनावी तैयारियों को गति देने के लिए कई अहम समितियों का गठन किया है। विजय इंदर सिंगला को इलेक्शन मैनेजमेंट एंड कोऑर्डिनेशन कमेटी का चेयरपर्सन बनाया गया है, जबकि सुखजिंदर सिंह रंधावा को कोर कमेटी और डॉ. अमर सिंह को मेनिफेस्टो कमेटी का चेयरमैन नियुक्त किया गया है। पार्टी ने विभिन्न क्षेत्रों और सामाजिक वर्गों के वरिष्ठ नेताओं को जिम्मेदारी देकर संगठन में संतुलन बनाने की कोशिश की है।

पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी में तीन नए वर्किंग प्रेसिडेंट भी नियुक्त किए गए हैं। इनमें सुखविंदर सिंह डेनी, राज कुमार वेरका और संगत सिंह गिलजियां शामिल हैं। वहीं, कैंपेन कमेटी में सुखपाल सिंह खैहरा, राणा गुरजीत सिंह और सांसद डॉ. धर्मवीर गांधी को को-चेयरपर्सन बनाया गया है। इसके अलावा ओपी सोनी, रजिया सुल्ताना, कुलजीत सिंह नागरा, अंगद सिंह सैनी और भारत भूषण आशु को भी विभिन्न समितियों में अहम जिम्मेदारियां दी गई हैं।

बताया जा रहा है कि पिछले कुछ सप्ताह में दिल्ली में कांग्रेस हाईकमान की कई महत्वपूर्ण बैठकों के बाद यह नई टीम तैयार की गई है। पार्टी ने मालवा, माझा और दोआबा क्षेत्रों के साथ-साथ दलित, जाट सिख और हिंदू नेताओं के बीच संतुलन साधने की रणनीति अपनाई है ताकि आगामी विधानसभा चुनाव में मजबूत प्रदर्शन किया जा सके।

अब सभी की नजर इस बात पर रहेगी कि कांग्रेस की यह नई चुनावी टीम पंजाब की राजनीति में कितना असर छोड़ती है और क्या यह संगठन को एकजुट कर सत्ता की लड़ाई में पार्टी को मजबूती दिला पाएगी।

Translate »
error: Content is protected !!