द टारगेट न्यूज डेस्क।
(“₹1 Crore Gold Seized, 3 Passengers Arrested “) अमृतसर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर कस्टम विभाग और राजस्व खुफिया निदेशालय (DRI) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 1 करोड़ रुपये से अधिक मूल्य का सोना बरामद किया है। इस मामले में एक महिला समेत तीन यात्रियों को गिरफ्तार किया गया है। तस्करों ने सोने को छिपाने के लिए बेहद शातिर तरीका अपनाया था। किसी ने जूतों के अंदर सोने का पेस्ट भर रखा था, तो किसी ने 24 कैरेट के सोने के कड़े और चेन को सामान में छिपाकर भारत लाने की कोशिश की।
जांच के दौरान शारजाह से आई एक महिला यात्री के पास से सोने का पेस्ट बरामद हुआ। एक्स-रे स्कैनिंग और जांच के बाद उससे लगभग 90 ग्राम से अधिक शुद्ध सोना मिला, जिसकी कीमत करीब 13.26 लाख रुपये बताई गई। वहीं एक अन्य यात्री, जो मेलबर्न से कुआलालंपुर होते हुए अमृतसर पहुंचा था, उसके पास से दो 24 कैरेट के सोने के कड़े और एक चेन बरामद हुई। इनका कुल वजन 484 ग्राम और अनुमानित कीमत 70.66 लाख रुपये आंकी गई। एक अन्य यात्री के जूतों के भीतर सोने का पेस्ट छिपाकर तस्करी करने की कोशिश भी नाकाम कर दी गई।
अधिकारियों ने तीनों आरोपियों के खिलाफ सीमा शुल्क अधिनियम, 1962 के तहत मामला दर्ज कर लिया है और यह जांच शुरू कर दी है कि कहीं इसके पीछे कोई अंतरराष्ट्रीय गोल्ड स्मगलिंग सिंडिकेट तो सक्रिय नहीं है। शुरुआती जांच में यह भी सामने आया है कि दुबई और शारजाह में सोना भारत के मुकाबले सस्ता होने तथा भारत में ऊंची आयात शुल्क और टैक्स व्यवस्था के कारण तस्कर इस अंतर का फायदा उठाकर अवैध रूप से सोना भारत पहुंचाने की कोशिश करते हैं।
फिलहाल DRI और कस्टम विभाग पूरे नेटवर्क की जांच में जुटे हैं। यह कार्रवाई एक बार फिर साबित करती है कि एयरपोर्ट पर आधुनिक स्कैनिंग तकनीक और सुरक्षा एजेंसियों की सतर्कता के चलते तस्करों की नई-नई चालें भी ज्यादा देर तक सफल नहीं हो पा रहीं।



















