द टारगेट न्यूज डेस्क।
(“Good News for Central Government Employees! DA May Increase by 3% from July, Know the Complete Calculation “) देश के करीब 1 करोड़ केंद्रीय कर्मचारियों और पेंशनर्स के लिए बड़ी राहत भरी खबर सामने आई है। जुलाई 2026 से मिलने वाले महंगाई भत्ते (DA) में 3 प्रतिशत तक बढ़ोतरी होने की संभावना जताई जा रही है। श्रम एवं रोजगार मंत्रालय के लेबर ब्यूरो द्वारा जारी मई 2026 के AICPI-IW (औद्योगिक श्रमिक उपभोक्ता मूल्य सूचकांक) के ताजा आंकड़ों ने इस उम्मीद को और मजबूत कर दिया है।
जारी आंकड़ों के अनुसार, अप्रैल 2026 में AICPI-IW 149.9 था, जो मई में बढ़कर 150.8 पर पहुंच गया। यानी सिर्फ एक महीने में इसमें 0.9 अंकों की बढ़ोतरी दर्ज की गई। इसके चलते अनुमान लगाया जा रहा है कि मौजूदा 60% महंगाई भत्ता बढ़कर 63% तक पहुंच सकता है।
हालांकि, अंतिम फैसला अभी बाकी है क्योंकि जून 2026 के AICPI-IW आंकड़े जारी होने शेष हैं। इन्हीं आंकड़ों के आधार पर जुलाई 2026 से लागू होने वाले डीए की अंतिम दर तय की जाएगी। यदि जून में सूचकांक में कोई बड़ी गिरावट नहीं आती, तो 3% डीए बढ़ोतरी लगभग तय मानी जा रही है।
जानकारी के अनुसार, महंगाई भत्ते की गणना पिछले 12 महीनों के औसत AICPI-IW के आधार पर की जाती है। जनवरी से मई 2026 तक के उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार डीए का अनुमान लगातार बढ़ता हुआ 63.14% तक पहुंच चुका है।
सरकार आमतौर पर जुलाई वाले डीए की घोषणा सितंबर या अक्टूबर में केंद्रीय कैबिनेट की मंजूरी के बाद करती है। हालांकि बढ़ा हुआ डीए 1 जुलाई 2026 से प्रभावी माना जाएगा और कर्मचारियों को एरियर का भी लाभ मिलेगा।
जब तक नया वेतन आयोग लागू नहीं होता, तब तक डीए में इसी तरह समय-समय पर संशोधन जारी रहेगा। ऐसे में केंद्रीय कर्मचारियों और पेंशनर्स के लिए आने वाले महीनों में यह बढ़ोतरी बड़ी आर्थिक राहत साबित हो सकती है।



















