Home Chandigarh ‘मुख्यमंत्री मावां-धींयां सत्कार योजना’ के नाम पर फर्जी लिंक! महिलाओं के लिए...

‘मुख्यमंत्री मावां-धींयां सत्कार योजना’ के नाम पर फर्जी लिंक! महिलाओं के लिए साइबर अलर्ट

चंडीगढ़। राजवीर दीक्षित

(“Fake Links in the Name of Punjab Scheme? Cyber Alert for Women “) पंजाब सरकार की ‘मुख्यमंत्री मावां-धींयां सत्कार योजना’ शुरू होने के महज एक दिन बाद ही साइबर ठग सक्रिय हो गए हैं। सोशल मीडिया, व्हाट्सऐप और फोन कॉल्स के जरिए महिलाओं को योजना के नाम पर फर्जी रजिस्ट्रेशन लिंक भेजे जा रहे हैं। इन संदेशों में दावा किया जा रहा है कि आवेदन करने और 24 घंटे के भीतर योजना की राशि पाने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करना जरूरी है।

साइबर विशेषज्ञों के अनुसार, इन लिंक में खतरनाक APK फाइलें या स्क्रीन मिररिंग सॉफ्टवेयर हो सकते हैं। जैसे ही कोई व्यक्ति इन्हें डाउनलोड या इंस्टॉल करता है, मोबाइल फोन हैक होने का खतरा बढ़ जाता है। इसके बाद साइबर अपराधी बैंकिंग जानकारी, ओटीपी और अन्य निजी डेटा तक पहुंच बनाकर खाते से पैसे निकाल सकते हैं।

हालांकि, पंजाब पुलिस के साइबर क्राइम विंग ने स्पष्ट किया है कि अभी तक इस योजना के नाम पर किसी भी साइबर ठगी का आधिकारिक मामला दर्ज नहीं हुआ है। पुलिस की ओर से जारी संदेश केवल लोगों को सतर्क और जागरूक करने के उद्देश्य से जारी किया गया है। लोगों से अपील की गई है कि किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करें और न ही अपनी बैंकिंग या व्यक्तिगत जानकारी किसी अज्ञात व्यक्ति के साथ साझा करें।

बता दें कि मुख्यमंत्री Bhagwant Singh Mann ने 1 जुलाई को इस योजना की शुरुआत की थी। योजना के तहत 18 वर्ष से अधिक आयु की महिलाओं को हर महीने ₹1,000 और अनुसूचित जाति वर्ग की महिलाओं को ₹1,500 की वित्तीय सहायता सीधे बैंक खाते में दी जाएगी। आवेदन केवल सेवा केंद्रों या स्थानीय नगर निकाय कार्यालयों में आधार कार्ड, पंजाब वोटर आईडी, बैंक पासबुक और आवश्यक दस्तावेजों के साथ किया जा सकता है।

अगर आपके पास भी इस योजना के नाम पर कोई संदिग्ध लिंक या कॉल आती है, तो सतर्क रहें। याद रखें—सरकारी योजनाओं का लाभ केवल आधिकारिक प्रक्रिया से ही मिलता है, किसी व्हाट्सऐप लिंक या अनजान कॉल के जरिए नहीं।

Translate »
error: Content is protected !!