चंडीगढ़। राजवीर दीक्षित
(“Punjab Crime Shock “) पंजाब के अमृतसर जिले की दाना मंडी में शुक्रवार शाम उस समय सनसनी फैल गई, जब दो गुटों के बीच लंबे समय से चल रहा विवाद खूनी झड़प में बदल गया। दोनों पक्ष पहले से समय तय कर अपने-अपने समर्थकों के साथ दाना मंडी पहुंचे। पहले कहासुनी हुई, लेकिन देखते ही देखते दोनों ओर से ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार करीब 100 राउंड गोलियां चलीं, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
इस गोलीबारी में पंचायत सदस्य गुरशरण सिंह उर्फ चीनी की गले और पेट में गोली लगने से मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है।
पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि यह विवाद सरपंची को लेकर लंबे समय से चली आ रही रंजिश का नतीजा था। बताया जा रहा है कि दोनों पक्ष 10 से 15 गाड़ियों में अपने समर्थकों के साथ मौके पर पहुंचे थे। बहस के बाद माहौल इतना बिगड़ गया कि दोनों ओर से अंधाधुंध फायरिंग शुरू हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। घटनास्थल से 35 खोखे बरामद किए गए हैं। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 9 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जिनमें अस्पताल में भर्ती एक घायल आरोपी भी शामिल है। वहीं अन्य फरार आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, मृतक गुरशरण सिंह उर्फ चीनी के खिलाफ वर्ष 2018 से अब तक हत्या, आर्म्स एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में 17 आपराधिक मामले दर्ज थे। वह कुछ समय पहले ही जमानत पर जेल से बाहर आया था।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है। इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है और अधिकारियों का कहना है कि फरार आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर कानून के मुताबिक कार्रवाई की जाएगी। यह घटना एक बार फिर पंजाब में बढ़ती गैंग और रंजिश आधारित हिंसा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर रही है।



















