ऊना। राजवीर दीक्षित
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार विद्यार्थियों को उनके अपने क्षेत्र में ही आधुनिक, गुणवत्तापूर्ण और रोजगारोन्मुखी उच्च शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए लगातार शिक्षा के बुनियादी ढांचे को मजबूत कर रही है। उन्होंने घोषणा की कि अगले शैक्षणिक सत्र से महाविद्यालय में एमएससी और लॉ की कक्षाएं शुरू की जाएंगी। इसके साथ ही इस सत्र से पीजीडीसीए और बीएससी कंप्यूटर साइंस की पढ़ाई भी शुरू होगी।
उन्होंने बताया कि वर्तमान में कॉलेज में करीब 500 विद्यार्थी अध्ययनरत हैं और अगले वर्ष यह संख्या बढ़ाकर 1,000 करने का लक्ष्य रखा गया है। साथ ही बॉटनी, केमिस्ट्री, फिजिक्स और जूलॉजी विषयों के लिए अत्याधुनिक मॉड्यूलर विज्ञान प्रयोगशालाएं भी स्थापित की जा रही हैं, जिससे विद्यार्थियों को बेहतर व्यावहारिक शिक्षा मिल सकेगी।
मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि आधुनिक शैक्षणिक सुविधाओं और नए रोजगारोन्मुखी पाठ्यक्रमों के शुरू होने से क्षेत्र के विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के लिए दूसरे शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि यह महाविद्यालय भविष्य में प्रदेश के उत्कृष्ट शिक्षण संस्थानों में अपनी अलग पहचान बनाएगा।
उन्होंने यह भी कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने वर्ष 2017 में इस कॉलेज का शिलान्यास किया था, लेकिन पिछली सरकार के कार्यकाल में निर्माण कार्य पूरा नहीं हो सका। वर्तमान सरकार ने इस परियोजना को पूरा कर विद्यार्थियों को समर्पित किया है।
कार्यक्रम के दौरान कॉलेज के विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। इस अवसर पर जिला प्रशासन के अधिकारी, कांग्रेस पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।



















