द टारगेट न्यूज डेस्क।
(“FSSAI Cracks Down on Complaints of Spoiled & Expired Food Products, Issues 9 Notices to Swiggy Instamart “) देश में ऑनलाइन फूड और ग्रॉसरी डिलीवरी को लेकर बढ़ती शिकायतों के बीच भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) ने Swiggy Instamart के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। खाद्य सुरक्षा नियमों के कथित उल्लंघन और ग्राहकों को एक्सपायरी, खराब, सड़े तथा असुरक्षित खाद्य उत्पादों की डिलीवरी से जुड़ी शिकायतों के आधार पर FSSAI ने कंपनी को 9 नोटिस जारी किए हैं। साथ ही कंपनी से विस्तृत स्पष्टीकरण और अनुपालन रिपोर्ट भी मांगी गई है। नियामक ने साफ कहा है कि यदि संतोषजनक जवाब नहीं मिला तो आगे कानूनी कार्रवाई की जा सकती है।
FSSAI ने कंपनी को गुणवत्ता नियंत्रण, फूड सेफ्टी मॉनिटरिंग, स्टॉक रोटेशन, इन्वेंट्री मैनेजमेंट, भंडारण व्यवस्था, साफ-सफाई और आंतरिक नियंत्रण प्रणाली से जुड़े सभी दस्तावेज उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। इसके अलावा खाद्य सुरक्षा मानकों के पालन के लिए उठाए गए कदमों की पूरी जानकारी भी मांगी गई है।
जांच के दौरान यह भी सामने आया कि “Noyes Eggs” नाम से बेचे जा रहे कुछ उत्पाद कंपनी के FSSAI लाइसेंस की स्वीकृत उत्पाद श्रेणी में शामिल नहीं थे। इससे पहले भी नियामक ने ऐसे उत्पादों की बिक्री रोकने और आवश्यक होने पर लाइसेंस में संशोधन कराने के निर्देश दिए थे।
शिकायतों में खराब अंडे, दूध और पैक्ड फूड आइटम की सप्लाई का भी उल्लेख है। जांच में “अक्षयकल्प ऑर्गेनिक एग्स” के कई पैकेट एक्सपायरी, सड़े हुए और बदबूदार पाए गए। वहीं कुछ उत्पादों में गंदगी और खराब गुणवत्ता के संकेत मिले, जिससे वे मानव उपभोग के लिए अनुपयुक्त पाए गए। “कक्के का पराठा” नामक उत्पाद की खराब हालत में डिलीवरी और बच्चों के लिए बनाए गए एक फूड प्रोडक्ट की गुणवत्ता को लेकर भी गंभीर सवाल उठे हैं। इतना ही नहीं, कुछ शिकायतों में यह आरोप भी लगाया गया है कि लौटाए गए खराब उत्पादों को दोबारा ग्राहकों को बेच दिया गया। फिलहाल FSSAI मामले की जांच जारी रखे हुए है और कंपनी के जवाब का इंतजार कर रहा है।



















