चंडीगढ़। राजवीर दीक्षित
(“High Alert Issued for These States! Weather Department Predicts Heavy Rain Tomorrow “) देशभर में मानसून का मिजाज एक बार फिर बदलता नजर आ रहा है। राजधानी दिल्ली-एनसीआर में फिलहाल बारिश की रफ्तार थम गई है, जबकि पूर्वी, मध्य और उत्तर-पूर्वी भारत के कई राज्यों में भारी बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने 15 जुलाई के लिए बिहार, ओडिशा, छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र समेत 14 राज्यों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। ओडिशा, बिहार और पश्चिम बंगाल के कुछ इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश को लेकर रेड अलर्ट भी जारी किया गया है।
दिल्ली-एनसीआर में लोगों को फिलहाल उमस भरी गर्मी से राहत मिलने के आसार नहीं हैं। मौसम विभाग के अनुसार 19 जुलाई तक आसमान आंशिक रूप से बादलों से ढका रहेगा, लेकिन तेज बारिश की संभावना कम है। वहीं राजस्थान में मानसून कमजोर पड़ने से कई इलाकों में मौसम शुष्क बना रहेगा और गर्मी का असर जारी रहेगा।
पंजाब की बात करें तो हाल की बारिश के बाद एक बार फिर उमस और गर्मी लोगों को परेशान करेगी। मौसम विभाग का अनुमान है कि 18 जुलाई तक मानसून कमजोर रहेगा। अमृतसर, गुरदासपुर, जालंधर, लुधियाना, पटियाला समेत अधिकांश जिलों में अगले कुछ दिनों तक किसी विशेष मौसम चेतावनी की घोषणा नहीं की गई है। चंडीगढ़ में भी फिलहाल भारी बारिश की संभावना नहीं जताई गई है।
दूसरी ओर उत्तर-पूर्वी राज्यों अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में व्यापक बारिश का अनुमान है। उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर और लद्दाख के कुछ हिस्सों में भी बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने लोगों से मौसम अपडेट पर नजर रखने और खराब मौसम के दौरान आवश्यक सावधानी बरतने की अपील की है।



















