नंगल । राजवीर दीक्षित
(Politics Heats Up Over Missing Revenue Records of 14 Villages; BJP Seeks Answers from Governor and Chief Minister)श्री आनंदपुर साहिब विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले नंगल सब-डिवीजन के 14 गांवों के राजस्व रिकॉर्ड गायब होने का मामला अब पूरी तरह राजनीतिक मुद्दा बन गया है। जनहित में इस मामले को लगातार उठाने वाले भाजपा नेता गोवर्धन सोनी और भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व राज्यसभा सांसद अविनाश राय खन्ना ने पंजाब के राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया, मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान और मुख्य सचिव को पत्र लिखकर तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है।
अविनाश राय खन्ना ने कहा कि राजस्व रिकॉर्ड गायब होने के कारण राष्ट्रीय राजमार्ग-503 के कीरतपुर साहिब-नंगल फोरलेन प्रोजेक्ट का कार्य पूरी तरह प्रभावित हो गया है। उनका कहना है कि पंजाब और हिमाचल प्रदेश को जोड़ने वाली यह महत्वपूर्ण परियोजना केवल प्रशासनिक लापरवाही के कारण रुकी हुई है। उन्होंने दोषी अधिकारियों की जिम्मेदारी तय करने और जल्द से जल्द रिकॉर्ड बहाल करने की मांग की, ताकि विकास कार्यों में और देरी न हो।
वहीं, पंजाब भाजपा अध्यक्ष सुभाष शर्मा ने पूरे मामले की निष्पक्ष पुलिस जांच की मांग करते हुए आरोप लगाया कि गायब हुए रिकॉर्ड का संबंध सरकारी जमीनों पर अवैध कब्जों से हो सकता है। उन्होंने कहा कि दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जानी चाहिए।
सरकारी सूत्रों के अनुसार, रिकॉर्ड उपलब्ध न होने के कारण 14 गांवों में भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया शुरू नहीं हो सकी है। इसका असर केवल फोरलेन परियोजना तक सीमित नहीं है, बल्कि नंगल में प्रस्तावित न्यायिक कोर्ट कॉम्प्लेक्स का निर्माण भी अटका हुआ है।
हालांकि इस मामले में पहले ही एफआईआर दर्ज की जा चुकी है, लेकिन जांच अब तक किसी ठोस नतीजे पर नहीं पहुंची है। सेवानिवृत्त राजस्व अधिकारियों और आधुनिक सर्वे तकनीकों की मदद से रिकॉर्ड दोबारा तैयार करने के प्रयास भी सफल नहीं हुए हैं। ऐसे में सेहजोवाल, मेघपुर, मानकपुर, अजौली, निक्कू नंगल, नंगली, कलसेरा, बंडलेहरी, डुकली, जोल, सगतपुर, कुलग्रां, भट्टों और दरोली सहित 14 गांवों के रिकॉर्ड गायब होने से विकास परियोजनाएं और राजस्व विभाग के नियमित कार्य गंभीर रूप से प्रभावित हो रहे हैं।



















