चंडीगढ़। राजवीर दीक्षित
(“Gangster Who Shot Akali Leader Killed in Encounter “) पंजाब के बुढलाडा से एक बड़ी खबर सामने आई है। अकाली नेता दलवीर सिंह उर्फ काला जवंधा पर हुए जानलेवा हमले के मामले में गिरफ्तार किए गए एक आरोपी को हथियार बरामद करने के लिए घटनास्थल पर ले जाया गया, जहां उसने पुलिस टीम पर ही हमला कर दिया। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने आत्मरक्षा के तहत आरोपी के पैर में गोली मार दी।
जानकारी के मुताबिक, कुछ दिन पहले अकाली नेता दलवीर सिंह काला जवंधा पर अज्ञात हमलावरों ने गोली चलाकर जानलेवा हमला किया था। मामले की जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी गुरमीत सिंह उर्फ मीता दातेवास को गिरफ्तार किया। पूछताछ के बाद आरोपी की निशानदेही पर पुलिस उसे खेतों में छिपाई गई पिस्तौल बरामद करने के लिए लेकर गई।
बताया जा रहा है कि जैसे ही आरोपी ने हथियार निकाला, उसने उसी पिस्तौल से पुलिस टीम पर फायरिंग करने की कोशिश की। इस दौरान एसएचओ गुरनेश शर्मा ने अपनी सर्विस पिस्तौल से जवाबी कार्रवाई करते हुए आत्मरक्षा में गोली चलाई, जो आरोपी के पैर में लगी। घायल आरोपी को तुरंत सरकारी अस्पताल बुढलाडा में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है।
मामले की पुष्टि करते हुए डीएसपी सिकंदर सिंह ने बताया कि पुलिस इस पूरे हमले की गहन जांच कर रही है और इस केस में नामजद अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। उन्होंने कहा कि जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
फिलहाल पुलिस ने घटनास्थल से हथियार बरामद कर लिया है और पूरे मामले की जांच जारी है। इस घटना के बाद इलाके में सुरक्षा व्यवस्था भी कड़ी कर दी गई है।



















