Home Chandigarh बड़ी खबर: पंजाब में 60 करोड़ रुपये के नशे के साथ छात्र...

बड़ी खबर: पंजाब में 60 करोड़ रुपये के नशे के साथ छात्र गिरफ्तार

चंडीगढ़। राजवीर दीक्षित

(“Big Breaking News: Student Arrested in Punjab with Drugs Worth ₹60 Crore “) पंजाब में नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) फिरोजपुर रेंज ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक अंतरराष्ट्रीय ड्रग नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने एक डिप्लोमा छात्र को 12 किलो 110 ग्राम हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया है। बरामद हेरोइन की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत 60 करोड़ रुपये से अधिक बताई जा रही है।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान जगदीश सिंह उर्फ लवी के रूप में हुई है, जो फाजिल्का जिले के गांव बदल का रहने वाला है। पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ पहले कोई आपराधिक मामला दर्ज नहीं था। शुरुआती जांच में सामने आया है कि वह जल्दी पैसा कमाने, अमीर बनने और अपनी पढ़ाई की फीस जुटाने के लिए इस नेटवर्क से जुड़ा था।

ANTF अधिकारियों के मुताबिक, पाकिस्तान से ड्रोन के जरिए भेजी गई हेरोइन को आरोपी को आगे सप्लाई करनी थी। जांच में यह भी सामने आया है कि पूरे नेटवर्क का संचालन पाकिस्तान के कसूर इलाके में बैठा एक तस्कर, जिसे “चाचा” के नाम से जाना जाता है, कर रहा था। तस्करी की पूरी योजना व्हाट्सएप के जरिए बनाई जाती थी और ऑस्ट्रेलियाई वर्चुअल नंबर से आरोपी को डिलीवरी की लोकेशन भेजी जाती थी।

पुलिस का दावा है कि आरोपी इससे पहले भी पाकिस्तान से आए 5 हथियार और करीब साढ़े 5 किलो हेरोइन अलग-अलग तस्करों तक पहुंचा चुका है। आरोपी के मोबाइल फोन से कई अहम डिजिटल सबूत मिले हैं, जिनकी फोरेंसिक जांच की जा रही है। पुलिस अब इस अंतरराष्ट्रीय ड्रग सिंडिकेट के अन्य सदस्यों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है और सीमा पार मौजूद नेटवर्क के बैकवर्ड व फॉरवर्ड लिंक खंगाले जा रहे हैं। यह कार्रवाई पंजाब में नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता मानी जा रही है।

Translate »
error: Content is protected !!