चंडीगढ़। राजवीर दीक्षित
(“Punjab’s development is the BJP’s dream: Narendra Modi “) प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को पंजाब के जालंधर दौरे के दौरान 125 करोड़ रुपये की लागत से तैयार हुए आधुनिक जालंधर कैंट रेलवे स्टेशन का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उनके साथ केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू, पंजाब भाजपा अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों, वरिष्ठ भाजपा नेता सुनील जाखड़ समेत कई प्रमुख नेता मौजूद रहे।
स्टेज पर पहुंचने पर प्रधानमंत्री मोदी का पारंपरिक पंजाबी अंदाज में स्वागत किया गया। केवल सिंह ढिल्लों ने उन्हें हरे रंग की पगड़ी पहनाई, शॉल और कृपाण भेंट की। साथ ही महाराजा रणजीत सिंह का चित्र भी उन्हें स्मृति चिन्ह के रूप में भेंट किया गया।
अपने संबोधन की शुरुआत प्रधानमंत्री मोदी ने पंजाबी भाषा में की और कहा कि गुरुओं की पवित्र धरती पर आकर उन्हें गर्व महसूस हो रहा है। उन्होंने कहा कि आज जालंधर विकास के नए अध्याय का साक्षी बन रहा है और रेलवे से जुड़े कई महत्वपूर्ण विकास कार्यों के साथ नई रेल सेवाओं की भी शुरुआत की गई है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि भाजपा का सपना पंजाब को विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाना है। उन्होंने राज्य की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि पंजाब में अपराध, रंगदारी और नशे की समस्या गंभीर होती जा रही है। उनके अनुसार विकास कार्य प्रभावित हो रहे हैं और ऐसे हालात में राज्य को तेज़ विकास के लिए “डबल इंजन सरकार” की आवश्यकता है।
अपने भाषण के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने सिख इतिहास के महान व्यक्तित्व सरदार तेजा सिंह समुंदरी को श्रद्धांजलि अर्पित की। साथ ही अमृतसर से वाराणसी के बीच नई ट्रेन सेवा को भी हरी झंडी दिखाई। प्रधानमंत्री ने भरोसा दिलाया कि केंद्र सरकार पंजाब के विकास में कोई कमी नहीं छोड़ेगी और राज्य के बुनियादी ढांचे को और मजबूत बनाने के लिए लगातार कार्य करती रहेगी।



















