Home Chandigarh प्रधानमंत्री मोदी ने संत निरंजन दास से की मुलाकात

प्रधानमंत्री मोदी ने संत निरंजन दास से की मुलाकात

चंडीगढ़। राजवीर दीक्षित

(“Prime Minister Modi Meets Sant Niranjan Das “) प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार को अपने एक दिवसीय पंजाब दौरे पर जालंधर पहुंचे, जहां उन्होंने 125 करोड़ रुपये की लागत से आधुनिक सुविधाओं से लैस जालंधर कैंट रेलवे स्टेशन का उद्घाटन कर इसे देश को समर्पित किया। प्रधानमंत्री के आगमन पर आदमपुर एयरपोर्ट पर भाजपा के वरिष्ठ नेताओं ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। इसके बाद वह सीधे जालंधर कैंट रेलवे स्टेशन पहुंचे और स्टेशन पर हुए व्यापक पुनर्विकास कार्यों का निरीक्षण किया।

प्रधानमंत्री मोदी ने स्टेशन परिसर में यात्रियों के लिए विकसित की गई नई सुविधाओं, आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर और अन्य विकास कार्यों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने संत रविदास एक्सप्रेस ट्रेन में बैठकर संत निरंजन दास से मुलाकात भी की। दोनों के बीच हुई यह मुलाकात चर्चा का केंद्र बनी रही और इसे सामाजिक एवं आध्यात्मिक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

जालंधर कैंट रेलवे स्टेशन को अत्याधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित किया गया है। स्टेशन पर यात्रियों की सुविधा के लिए आधुनिक वेटिंग एरिया, बेहतर प्रवेश द्वार, डिजिटल सूचना प्रणाली, दिव्यांगजन अनुकूल सुविधाएं और अन्य कई आधुनिक व्यवस्थाएं विकसित की गई हैं। इस परियोजना के पूरा होने से जालंधर सहित पूरे दोआबा क्षेत्र के लाखों यात्रियों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।

इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू, पंजाब भाजपा अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों, वरिष्ठ भाजपा नेता सुनील जाखड़ सहित कई प्रमुख नेता और अधिकारी भी मौजूद रहे। प्रधानमंत्री मोदी का यह दौरा पंजाब के बुनियादी ढांचे के विकास और रेलवे के आधुनिकीकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। उद्घाटन के बाद स्थानीय लोगों ने भी नए रेलवे स्टेशन की आधुनिक सुविधाओं का स्वागत किया और इसे क्षेत्र के विकास के लिए अहम उपलब्धि बताया।

Translate »
error: Content is protected !!