चंडीगढ़। राजवीर दीक्षित
(“Operation Safed Sagar: The Untold Story of the Kargil War”) Netflix की बहुप्रतीक्षित सीरीज “Operation Safed Sagar: The Untold Story of the Kargil War” 7 अगस्त 2026 को रिलीज़ होने जा रही है। इस सीरीज के ट्रेलर के बाद हर कोई जानना चाहता है कि आखिर स्क्वाड्रन लीडर अजय आहूजा कौन थे, जिनकी बहादुरी आज भी भारतीय वायुसेना के इतिहास में अमर है।
कारगिल युद्ध के दौरान 27 मई 1999 को स्क्वाड्रन लीडर अजय आहूजा एक मिशन का नेतृत्व कर रहे थे। इसी दौरान फ्लाइट लेफ्टिनेंट के. नचिकेता का विमान दुश्मन की फायरिंग का शिकार हो गया। हालात बेहद खतरनाक थे, लेकिन अजय आहूजा अपने साथी को खोजने और उसकी मदद करने के लिए दुश्मन के इलाके के ऊपर ही डटे रहे। इसी दौरान उनका MiG-21 भी दुश्मन की मिसाइल का निशाना बन गया।
उन्होंने पैराशूट से सुरक्षित इजेक्ट किया, लेकिन पाकिस्तान के कब्जे वाले इलाके में उतर गए। भारतीय रिकॉर्ड के अनुसार उन्हें पकड़ लिया गया और बाद में उनकी हत्या कर दी गई। देश के लिए उनके सर्वोच्च बलिदान और अदम्य साहस के लिए उन्हें मरणोपरांत वीर चक्र से सम्मानित किया गया।
हालांकि “Operation Safed Sagar” सिर्फ अजय आहूजा की बायोपिक नहीं है। यह भारतीय वायुसेना के ऐतिहासिक एयर ऑपरेशन की कहानी है, जिसने कारगिल युद्ध में भारत की जीत में अहम भूमिका निभाई। सीरीज में गोल्डन एरोज़ स्क्वाड्रन और कई अन्य वायु योद्धाओं के साहस, टीमवर्क और बलिदान को भी दिखाया गया है।
सिद्धार्थ, जिमी शेरगिल, अभय वर्मा, दिया मिर्ज़ा और तारुक रैना जैसे कलाकारों से सजी यह सीरीज इतिहास और सिनेमाई प्रस्तुति का शानदार मेल मानी जा रही है। अगर आप देशभक्ति, युद्ध और सच्चे नायकों की कहानियां पसंद करते हैं, तो यह सीरीज आपके लिए जरूर देखने लायक है।



















