चंडीगढ़। राजवीर दीक्षित
(“Dilpreet Dhillon FIR News “) मशहूर पंजाबी गायक Dilpreet Dhillon एक बार फिर विवादों में घिर गए हैं। मोहाली के मटौर थाना पुलिस ने उनके खिलाफ मारपीट, जबरन बंधक बनाने, जान से मारने की धमकी देने और हथियार के इस्तेमाल जैसे गंभीर आरोपों के तहत एफआईआर दर्ज की है। यह मामला म्यूजिक कंपनी Melody House के संचालक रेयंत मरवाहा की शिकायत पर दर्ज किया गया है।
शिकायत के अनुसार, करीब 5-6 महीने पहले दिलप्रीत ढिल्लों ने टी-सीरीज के साथ गाने का कॉन्ट्रैक्ट दिलाने के लिए रेयंत मरवाहा से संपर्क किया था। मरवाहा ने उनकी मुलाकात टी-सीरीज के अधिकारियों से करवाई, लेकिन किसी कारणवश यह डील पूरी नहीं हो सकी। आरोप है कि इसी बात को लेकर दिलप्रीत ढिल्लों नाराज थे।

22 जुलाई की रात सेक्टर-70 स्थित एक फ्लैट में दोनों के बीच इसी मुद्दे पर बहस हुई। शिकायतकर्ता का आरोप है कि दिलप्रीत ढिल्लों ने उनसे कहा कि किसी भी तरह टी-सीरीज या दूसरी कंपनी से डील करवाई जाए क्योंकि उन्हें अपनी पत्नी के लिए 1 से 2 करोड़ रुपये की कार खरीदनी है। जब मरवाहा ने अपनी मजबूरी बताई तो कथित तौर पर दिलप्रीत ने उन पर हमला कर दिया।
एफआईआर के मुताबिक, शिकायतकर्ता को कॉलर पकड़कर दूसरे कमरे में ले जाया गया, जमीन पर गिराकर लात-घूंसों से पीटा गया और बाद में पिस्तौल दिखाकर उन्हें व उनके परिवार को जान से मारने की धमकी दी गई। शोर मचाने पर आरोपी वहां से फरार हो गया। घायल रेयंत मरवाहा का इलाज मोहाली फेज-6 सिविल अस्पताल में कराया गया, जिसके बाद उन्होंने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
मटौर थाना पुलिस ने दिलप्रीत सिंह ढिल्लों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं तथा आर्म्स एक्ट की धाराओं 25 और 27 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि गायक को जल्द पूछताछ के लिए बुलाया जाएगा। फिलहाल मामले की जांच जारी है और पुलिस सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही है। आरोपों पर दिलप्रीत ढिल्लों की ओर से आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने आना अभी बाकी है।



















