Home Chandigarh मेडिकल कॉलेज में मरीज की मौत पर बवाल, परिजनों ने लगाया लापरवाही...

मेडिकल कॉलेज में मरीज की मौत पर बवाल, परिजनों ने लगाया लापरवाही का आरोप

चंबा । राजवीर दीक्षित

(Patient’s Death Sparks Uproar at Chamba Medical College, Family Alleges Negligence) हिमाचल प्रदेश के चंबा स्थित पंडित जवाहरलाल नेहरू राजकीय मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में एक मरीज की मौत के बाद जमकर हंगामा हो गया। मृतक के परिजनों ने अस्पताल प्रशासन पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए अस्पताल परिसर में विरोध प्रदर्शन किया और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग उठाई। घटना के बाद स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को मौके पर पहुंचकर स्थिति संभालनी पड़ी।

मृतक की पहचान चुराह उपमंडल के सलवी गांव निवासी जान मुहम्मद के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, शनिवार को वह एक निर्माणाधीन भवन के लेंटर से गिर गए थे, जिससे उनके सिर में गंभीर चोट लगी। हादसे के तुरंत बाद उन्हें निजी वाहन से चंबा मेडिकल कॉलेज लाया गया, लेकिन आरोप है कि अस्पताल पहुंचने के बावजूद उन्हें लंबे समय तक डॉक्टर नहीं मिला। परिजनों का कहना है कि करीब तीन घंटे तक इलाज शुरू नहीं हो सका और संबंधित चिकित्सक भी काफी देर से पहुंचे। इस दौरान घायल की हालत लगातार बिगड़ती रही और रविवार को उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।

मरीज की मौत के बाद परिजन और स्थानीय लोग अस्पताल परिसर में एकत्र हो गए और स्वास्थ्य सेवाओं की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए जोरदार प्रदर्शन किया। उनका कहना है कि यदि समय रहते विशेषज्ञ डॉक्टर उपलब्ध होते और उपचार शुरू हो जाता, तो मरीज की जान बचाई जा सकती थी। परिजनों ने मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू से मामले की निष्पक्ष जांच कराने और दोषी अधिकारियों व कर्मचारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

वहीं मेडिकल कॉलेज प्रशासन ने लापरवाही के आरोपों से इनकार किया है। कॉलेज के प्राचार्य डॉ. पंकज गुप्ता ने बताया कि घायल का आपातकालीन कक्ष में तुरंत परीक्षण किया गया था और उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उच्च संस्थान रेफर करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई थी। उन्होंने कहा कि एक विशेषज्ञ डॉक्टर भारी ट्रैफिक जाम में फंस गई थीं, लेकिन वाहन छोड़कर पैदल अस्पताल पहुंचीं। प्रशासन ने पूरे मामले की जांच के आदेश दे दिए हैं और जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई का भरोसा दिया है।

Translate »
error: Content is protected !!