Home Chandigarh पंजाब में 20 लाख वोटरों पर संकट! SIR फॉर्म जमा न करने...

पंजाब में 20 लाख वोटरों पर संकट! SIR फॉर्म जमा न करने वालों के नाम वोटर लिस्ट से कट सकते हैं

चंडीगढ़। राजवीर दीक्षित

(“20 Lakh Punjab Voters at Risk! Names May Be Removed from Voter List Over Pending SIR Forms “) पंजाब में वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले मतदाता सूची को लेकर बड़ा अपडेट सामने आया है। राज्य में स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) अभियान के तहत अब तक करीब 20.77 लाख मतदाताओं ने अपना इन्यूमरेशन फॉर्म जमा नहीं कराया है। ऐसे में इन मतदाताओं के नाम ड्राफ्ट वोटर लिस्ट से हटाए जा सकते हैं।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी (CEO) अनिंदिता मित्रा द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, राज्य में कुल 2 करोड़ 14 लाख 60 हजार 990 इन्यूमरेशन फॉर्म वितरित किए गए थे। इनमें से 1 करोड़ 93 लाख 83 हजार 698 फॉर्म ही वापस प्राप्त हुए हैं। यानी करीब 90.32 प्रतिशत फॉर्म जमा हो चुके हैं, जबकि लगभग 20 लाख फॉर्म अब भी लंबित हैं।

सबसे अधिक लंबित फॉर्म लुधियाना जिले में हैं, जहां 4.19 लाख से अधिक मतदाताओं ने फॉर्म जमा नहीं कराया। इसके बाद अमृतसर, जालंधर, मोहाली और पटियाला जैसे जिलों में भी बड़ी संख्या में फॉर्म लंबित हैं।

निर्वाचन आयोग के अनुसार, फॉर्म जमा करने की प्रक्रिया पूरी होने के बाद 12 अगस्त तक दस्तावेजों की जांच और सत्यापन किया जाएगा। इसके बाद 13 अगस्त को ड्राफ्ट मतदाता सूची प्रकाशित होगी। यदि किसी पात्र मतदाता का नाम सूची में नहीं होता है, तो उसे दावा और आपत्ति दर्ज कराने का अवसर मिलेगा। सभी दावों और आपत्तियों के निपटारे के बाद 12 अक्टूबर 2026 को अंतिम मतदाता सूची जारी की जाएगी।

जिन मतदाताओं का फॉर्म जमा नहीं हुआ है, उन्हें संबंधित ERO/BLO की ओर से नोटिस भेजा जा सकता है। ऐसे मतदाता ERO कार्यालय, Voters.eci.gov.in पोर्टल या Voter Helpline App के माध्यम से आवश्यक दस्तावेजों के साथ अपना आवेदन जमा कर सकते हैं।

निर्वाचन आयोग ने सभी मतदाताओं से समय रहते अपने दस्तावेज सत्यापित कराने और आवश्यक फॉर्म जमा करने की अपील की है, ताकि आगामी चुनावों में उनके मतदान के अधिकार पर कोई असर न पड़े।

Translate »
error: Content is protected !!