खडूर साहिब। राजवीर दीक्षित
(“Amritpal Case Witness Targeted? Police Deny Conspiracy”) पंजाब के खडूर साहिब से सांसद और फिलहाल डिब्रूगढ़ जेल में बंद अमृतपाल सिंह से जुड़े मामले के एक गवाह पर देर रात फायरिंग की घटना सामने आने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। हालांकि पुलिस ने शुरुआती जांच में इस घटना को रोड रेज का मामला बताया है और किसी भी तरह की साजिश से इनकार किया है।
जानकारी के अनुसार, सलेमपुर गांव निवासी वरिंदर सिंह मावी, जिन्होंने अजनाला मामले में अमृतपाल सिंह के खिलाफ शिकायत दर्ज करवाई थी और इस केस में गवाह भी हैं, ने रात करीब 2 बजे पुलिस को सूचना दी कि एक व्यक्ति उनकी ओर फायरिंग कर रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।

रूपनगर (रोपड़) के एसएसपी मनिंदर सिंह के अनुसार, जांच में सामने आया कि समरौली गांव निवासी जसबीर सिंह उर्फ काला ने कथित तौर पर शराब के नशे में रोड रेज के दौरान मावी से विवाद किया। आरोप है कि उसने हवा में फायरिंग की, मावी की गाड़ी का पीछा करते हुए उनके गांव तक पहुंचा और उनके साथियों को धमकाया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। उसके खिलाफ सदर मोरिंडा थाने में भारतीय न्याय संहिता (BNS) और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।
घटना के बाद सोशल मीडिया पर कई दावे किए गए कि हमला अमृतपाल सिंह के समर्थकों द्वारा कराया गया, ताकि गवाहों को डराया जा सके। हालांकि पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अब तक की जांच में ऐसे किसी षड्यंत्र का कोई सबूत नहीं मिला है। वहीं, गवाहों की ओर से पैरवी कर रहे अधिवक्ता परमिंदर सिंह विग ने गवाहों की सुरक्षा को लेकर चिंता जताते हुए प्रशासन से सुरक्षा व्यवस्था और मजबूत करने की मांग की है। पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच जारी है और लोगों से अपुष्ट सोशल मीडिया दावों पर भरोसा न करने की अपील की गई है।



















