जालंधर में अलास्का चौक के पास मौत
जालंधर। राजवीर दीक्षित
(Delivery boy crushed by private bus in Punjab) जालंधर के अलास्का चौक के पास एक दर्दनाक सड़क हादसे में प्राइवेट बस की चपेट में आने से डिलीवरी बॉय की मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, युवक ग्रे रंग की एक्टिवा पर रेलवे रोड की ओर जा रहा था, तभी वह बस की चपेट में आ गया।
सड़क पर खुदाई और खुले सीवरेज को लेकर उठे सवाल
जानकारी के मुताबिक, अलास्का चौक से मदन फ्लोर मिल चौक तक सड़क किनारे सीवरेज का काम चल रहा है। यहां खुदाई के साथ कुछ जगहों पर सीवरेज के खुले ढक्कन और गड्ढे भी बताए जा रहे हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि इसी वजह से एक्टिवा सवार का संतुलन बिगड़ा और वह बस की चपेट में आ गया। हालांकि, हादसा वास्तव में किस वजह से हुआ, इसकी पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही होगी।
स्कूटी से मिले दस्तावेज, अरुण कुमार होने की प्राथमिक पहचान
पुलिस को मृतक की स्कूटी से कुछ दस्तावेज मिले हैं। इन्हीं के आधार पर उसकी प्राथमिक पहचान अरुण कुमार के रूप में बताई जा रही है। दस्तावेजों में बस्ती शेख का पता दर्ज है।
पुलिस के मुताबिक, मृतक की उम्र करीब 35 से 40 वर्ष के बीच बताई जा रही है। आधिकारिक पहचान की पुष्टि दस्तावेजों और अन्य जांच के बाद की जाएगी।
जोमैटो के लिए करता था डिलीवरी
मृतक के पास से डिलीवरी बैग भी मिला है, जिस पर ‘ZEE’ लिखा हुआ है। जानकारी के मुताबिक, युवक जोमैटो के लिए भी डिलीवरी का काम करता था।
हादसे के बाद घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की।
चश्मदीद का दावा- गड्ढे के कारण गिरा एक्टिवा सवार
चश्मदीद राकेश ने बताया कि सड़क पर बने गड्ढे के कारण एक्टिवा सवार अचानक गिर गया। लोगों ने बस चालक को आवाज देकर रोकने की कोशिश की, लेकिन तब तक बस उसके ऊपर से गुजर गई।
चश्मदीद ने मृतक को प्रवासी व्यक्ति बताया है। हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि पुलिस की जांच के बाद ही होगी।
बस के पिछले टायर के नीचे आया युवक
बस के ड्राइवर की पहचान प्रकाश सिंह और कंडक्टर की पहचान दलबीर सिंह के रूप में बताई गई है।
कंडक्टर दलबीर सिंह के मुताबिक, एक्टिवा सवार बस के पिछले टायर की चपेट में आ गया। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और कंडक्टर को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की।
ड्राइवर मौके से फरार, पुलिस तलाश में जुटी
नवी बारादरी थाना पुलिस के मुलाजिम विजय कुमार और मंगल सिंह के मुताबिक, हादसे के बाद बस चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश कर रही है।
पुलिस ने मृतक की स्कूटी से मिले दस्तावेजों को कब्जे में लेकर पहचान की प्रक्रिया शुरू कर दी है। साथ ही हादसे की परिस्थितियों, सड़क पर चल रहे सीवरेज कार्य और बस चालक की भूमिका समेत तमाम पहलुओं की जांच की जा रही है।
अब बड़ा सवाल यह है कि सड़क पर चल रहे सीवरेज कार्य और खुले गड्ढों की वजह से हादसे की स्थिति बनी या इसके पीछे कोई अन्य कारण था। पुलिस की जांच के बाद तस्वीर साफ होगी।



















