मोहाली। राजवीर दीक्षित
(Cache of weapons seized in Punjab; two accused arrested) मोहाली के कुंभड़ा गांव के सरकारी स्कूल के हेडमास्टर गुरसेवक सिंह हत्याकांड में पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। मामले में नामजद मुख्य आरोपी पूर्व शिक्षिका हरप्रीत कौर के पति सरताज सिंह को पुलिस ने दिल्ली एयरपोर्ट से गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के मुताबिक, वारदात के बाद सरताज कनाडा चला गया था और भारत लौटते ही उसे दबोच लिया गया।
पुलिस अब आरोपी को अदालत में पेश कर पूछताछ के लिए रिमांड लेने की तैयारी कर रही है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि हत्याकांड की साजिश कैसे रची गई और इसमें उसके साथ कौन-कौन लोग शामिल थे।
CCTV फुटेज से सामने आई आरोपी की भूमिका
पुलिस जांच के दौरान घटनास्थल और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली गई। इसी जांच में सरताज सिंह की कथित भूमिका सामने आई। पुलिस के अनुसार, सरताज ने अपने दो अन्य साथियों के साथ मिलकर हेडमास्टर गुरसेवक सिंह पर हमला किया था।
पुलिस ने मामले की जांच के लिए अलग-अलग टीमें गठित की हैं। अब गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ के आधार पर अन्य संदिग्धों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है।
स्कूल में विवाद से शुरू हुई थी रंजिश
जांच के मुताबिक, कुंभड़ा सरकारी स्कूल में तैनाती के दौरान पूर्व शिक्षिका हरप्रीत कौर का हेडमास्टर गुरसेवक सिंह से विवाद हुआ था। आरोप है कि गुरसेवक सिंह ने हरप्रीत की स्कूल के कामकाज और बच्चों की पढ़ाई को लेकर शिक्षा विभाग में शिकायत की थी।
शिकायत के बाद हरप्रीत कौर का तबादला कर दिया गया। पुलिस को शक है कि इसी घटनाक्रम के बाद दोनों पक्षों के बीच रंजिश बढ़ी और बाद में मामला खूनी वारदात तक पहुंच गया।
5 अगस्त को घर के बाहर किया था हमला
पुलिस के अनुसार, 5 अगस्त को सनी एन्क्लेव स्थित घर के बाहर गुरसेवक सिंह पर तेजधार हथियारों से हमला किया गया था। हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गए थे। उन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, लेकिन बाद में उनकी मौत हो गई।
इस हत्याकांड के बाद पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू की और CCTV समेत अन्य सबूत जुटाए।
1 मई की घटना भी जांच के घेरे में
परिजनों ने पुलिस को बताया था कि 1 मई को भी गुरसेवक सिंह पर हमला करने की कोशिश हुई थी। वह एक शिक्षक की रिटायरमेंट पार्टी में शामिल होने पहुंचे थे। इसी दौरान एक आई-20 कार में कुछ युवक वहां पहुंचे थे।
हालांकि, गुरसेवक सिंह और अन्य शिक्षकों की सतर्कता के चलते उस समय कथित हमलावर वारदात को अंजाम नहीं दे सके। अब पुलिस इस घटना को भी मौजूदा हत्याकांड से जोड़कर जांच कर रही है।
पूर्व शिक्षिका हरप्रीत कौर अब भी फरार
मामले में नामजद पूर्व शिक्षिका हरप्रीत कौर अभी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है। पुलिस उसकी तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।
वहीं, सरताज सिंह की गिरफ्तारी के बाद पुलिस को उम्मीद है कि पूछताछ में हत्याकांड से जुड़े कई अहम राज सामने आ सकते हैं। पुलिस का कहना है कि मामले में फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई होगी।



















