नंगल-चंडीगढ़ मार्ग पर बंधलेहड़ी के निकट मिला शव, 18 जुलाई को दर्ज हुई थी गुमशुदगी की रिपोर्ट
नंगल। राजवीर दीक्षित
(Body of Prince, missing for a month and a half, recovered from canal) नंगल से एक दुखद मामला सामने आया है। इलाके में रसोई गैस सिलेंडर की सप्लाई का काम करने वाले राजिंदर कुमार बग्गा के 26 वर्षीय पुत्र प्रिंस का शव करीब डेढ़ महीने बाद नहर से बरामद हुआ है। शव नंगल-चंडीगढ़ मार्ग पर गांव बंधलेहड़ी के निकट नहर से मिला। शिव गोताखोरों की मदद से शव को नहर से बाहर निकाला गया।
जानकारी के अनुसार प्रिंस इंदौर से नंगल ऐतिहासिक ख्वाजा पीर के मेले में शामिल होने के लिए आया था। इसके बाद वह लापता हो गया था। परिवार की ओर से उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट 18 जुलाई को नंगल थाना में दर्ज करवाई गई थी। रिपोर्ट दर्ज होने के बाद पुलिस ने युवक की तलाश के लिए जांच शुरू की, लेकिन लंबे समय तक उसका कोई सुराग नहीं मिल सका।
बताया जा रहा है कि प्रिंस को आखिरी बार उसके कुछ दोस्तों के घर पर देखा गया था। इसके बाद वह कहां गया और नहर तक कैसे पहुंचा, इस संबंध में फिलहाल स्थिति स्पष्ट नहीं है। स्थानीय स्तर पर यह भी चर्चा है कि प्रिंस पिछले कुछ समय से नशे का आदी था, हालांकि उसकी मौत के कारणों की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।शव मिलने की सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी। पुलिस मामले के विभिन्न पहलुओं की जांच कर रही है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों के संबंध में स्थिति स्पष्ट होने की उम्मीद है। डेढ़ महीने से बेटे की तलाश में जुटे परिवार को उसके शव मिलने की खबर से गहरा सदमा पहुंचा है। फिलहाल पुलिस जांच इस बात पर केंद्रित रहेगी कि प्रिंस की मौत किन परिस्थितियों में हुई और वह नहर तक कैसे पहुंचा।


















