मोहाली। राजवीर दीक्षित
(Youth struck by train, loses both legs; referred to PGI in critical condition) मोहाली के ढकोली रेलवे फाटक के पास शुक्रवार दोपहर दर्दनाक हादसा हो गया। यहां एक 32 वर्षीय युवक ट्रेन की चपेट में आ गया। हादसा इतना भीषण था कि युवक की दोनों टांगें कट गईं। गंभीर रूप से घायल युवक को पहले ढकोली के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे PGI चंडीगढ़ रेफर कर दिया गया।
घायल युवक की पहचान परमार लाल (32) के रूप में हुई है। हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने घायल युवक को संभाला और तत्काल अस्पताल पहुंचाने में मदद की।
ट्रेन की चपेट में कैसे आया, जांच शुरू
परमार लाल की सास श्रीदेवी के अनुसार, युवक शराब का आदी है। शुक्रवार दोपहर वह ढकोली रेलवे लाइन की ओर गया था। इसी दौरान वह तेज रफ्तार ट्रेन की चपेट में आ गया।
घटना की सूचना मिलते ही GRP ने जांच शुरू कर दी है। पुलिस हादसे की परिस्थितियों को खंगाल रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि युवक रेलवे ट्रैक तक कैसे पहुंचा।
हालत गंभीर, PGI में इलाज जारी
हादसे में दोनों टांगें कटने के कारण युवक की हालत गंभीर बताई जा रही है। ढकोली CHC में प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसे बेहतर इलाज के लिए PGI चंडीगढ़ रेफर किया। फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों और घटनाक्रम की जांच में जुटी है।



















