चंडीगढ़,धर्मशाला । राजवीर दीक्षित
(Direct air service between Chandigarh and Dharamshala to resume)चंडीगढ़ और धर्मशाला के बीच हवाई सेवाओं को लेकर अहम अपडेट सामने आया है। 1 सितंबर से दोपहर की उड़ान सेवा फिर बहाल की जा रही है। इससे यात्रियों को सुविधाजनक समय पर सफर का विकल्प मिलेगा और क्षेत्रीय हवाई कनेक्टिविटी को बढ़ावा मिलेगा।
इंडिगो की नॉन-स्टॉप फ्लाइट 6E 7722 दोपहर 1:10 बजे गग्गल एयरपोर्ट से टेकऑफ करेगी और महज निर्धारित उड़ान समय के बाद 2:15 बजे शहीद भगत सिंह इंटरनेशनल एयरपोर्ट पहुंच जाएगी। इस फ्लाइट से कांगड़ा और चंडीगढ़ के बीच हवाई कनेक्टिविटी को और मजबूती मिलने की उम्मीद है।
वापसी में यात्रियों को मोहाली से दोपहर 2:45 बजे फ्लाइट मिलेगी, जो करीब 3:50 बजे गग्गल पहुंचेगी। महज करीब एक घंटे के सफर में यात्री अपने गंतव्य तक पहुंच सकेंगे। यह सेवा खासतौर पर नियमित हवाई यात्रियों के लिए काफी उपयोगी साबित हो सकती है।
धर्मशाला-चंडीगढ़ रूट पर शुरुआती किराया करीब 3,200 रुपये रखा गया है, जबकि चंडीगढ़-धर्मशाला रूट पर किराया लगभग 3,617 रुपये से शुरू होगा। यह फ्लाइट सप्ताह में चार दिन—सोमवार, मंगलवार, गुरुवार और शुक्रवार को संचालित होगी। इस सेवा के बहाल होने से दोनों शहरों के बीच सफर आसान और समय की बचत वाला होगा। खासकर पर्यटकों, कारोबारियों और जरूरी काम से आने-जाने वाले यात्रियों को इसका सीधा लाभ मिल सकता है।
अधिकारियों ने बताया कि सेवा की बहाली से कांगड़ा और आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों को बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी। चंडीगढ़ पहुंचने के लिए यात्रियों को अब अधिक सुविधाजनक विकल्प मिल सकेगा। इसका सबसे बड़ा फायदा उन लोगों को होगा, जिन्हें चंडीगढ़ से देश के अन्य हिस्सों के लिए कनेक्टिंग फ्लाइट्स लेनी होती हैं। इससे यात्रा का समय कम करने और सफर को सुगम बनाने में मदद मिलेगी।



















