नई दिल्ली। राजवीर दीक्षित
(Female student gang-raped in moving sleeper bus; driver and conductor arrested) दिल्ली में 16 वर्षीय छात्रा के साथ चलती स्लीपर बस में सामूहिक दुष्कर्म का गंभीर मामला सामने आया है। पुलिस के मुताबिक, घटना 4 अगस्त की है, जिसकी जानकारी 31 अगस्त को सामने आई। मामले में पुलिस ने बस के ड्राइवर और कंडक्टर को गिरफ्तार कर लिया है। घटना में इस्तेमाल बस को भी कब्जे में लेकर फोरेंसिक जांच कराई जा रही है।
पुलिस के अनुसार, पीड़िता उत्तर प्रदेश के मैनपुरी जिले की रहने वाली है और 11वीं कक्षा की छात्रा है। छात्रा ग्रेटर नोएडा के परी चौक से बस में सवार हुई थी। इसके बाद बस करीब 47 किलोमीटर का सफर तय कर कश्मीरी गेट पहुंची, जहां छात्रा को उतार दिया गया।
परी चौक से बस में बैठी थी छात्रा
पुलिस जांच के मुताबिक, घटना के समय बस में ड्राइवर कुलदीप और कंडक्टर संदीप मौजूद थे। छात्रा की शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। इसके बाद कोतवाली एसीपी शंकर बनर्जी के नेतृत्व में टीम गठित की गई।
जांच टीम ने छात्रा द्वारा बताए गए घटनाक्रम के आधार पर बस की पहचान और उसके रूट का पता लगाने के लिए रास्ते में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। तकनीकी साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस आरोपियों तक पहुंची।
तिमारपुर पार्किंग से आरोपी पकड़े
पुलिस ने ड्राइवर कुलदीप और कंडक्टर संदीप को तिमारपुर स्थित एक बस पार्किंग से गिरफ्तार किया। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल स्लीपर बस को भी जब्त कर लिया है। बस की फोरेंसिक जांच की जा रही है, ताकि मामले से जुड़े अन्य साक्ष्य जुटाए जा सकें।
खराबी के बाद वर्कशॉप ले गए थे बस
पुलिस सूत्रों के अनुसार, घटना वाले दिन बस में खराबी आने के बाद दोनों आरोपी उसे सूरजपुर, नोएडा की एक वर्कशॉप में मरम्मत के लिए लेकर गए थे। मरम्मत के बाद दोनों खाली बस को तिमारपुर की ओर ले जा रहे थे। इसी दौरान परी चौक पर छात्रा ने बस को रुकने का इशारा किया और उसमें सवार हो गई।
पर्दों से ढका था बस का अंदरूनी हिस्सा
पुलिस का कहना है कि स्लीपर बस के अंदर पर्दे लगे हुए थे। जांच के अनुसार, आरोपियों ने बस के पर्दे वाले हिस्से का इस्तेमाल अपराध को छिपाने के लिए किया। बाहर से बस के अंदर का हिस्सा दिखाई नहीं दे रहा था।
फिलहाल पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है। बस की फोरेंसिक जांच और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पुलिस मामले की आगे की जांच में जुटी है।



















