चंडीगढ़। राजवीर दीक्षित
(Famous singer’s marriage falls apart; couple separates five months after the wedding) मशहूर रैपर बादशाह और पंजाबी एक्ट्रेस एवं मॉडल ईशा रिखी ने शादी के करीब पांच महीने बाद अलग होने का ऐलान किया है। दोनों ने सोमवार रात अपने-अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक जैसी पोस्ट शेयर कर इसकी जानकारी दी। दोनों के मुताबिक, यह फैसला आपसी सहमति से लिया गया है।
दोनों ने अपनी पोस्ट में फैंस और मीडिया से इस मुश्किल दौर में उनकी निजता का सम्मान करने की अपील की। साथ ही लोगों से किसी तरह की अटकलें लगाने से बचने को कहा।
जुलाई से रिश्ते में अनबन की चर्चा
बादशाह और ईशा रिखी के रिश्ते में तनाव की खबरें जुलाई से सामने आने लगी थीं। 26 जुलाई को ईशा ने बादशाह के साथ अपनी कुछ तस्वीरें और वीडियो शेयर किए थे। पोस्ट के साथ उन्होंने लिखा था, “हर तूफान एक सीख है” और दिल टूटने वाला इमोजी लगाया था।
इसके बाद ईशा ने सोशल मीडिया पर एक और नोट शेयर किया, जिसमें उन्होंने लंबे समय तक डर की वजह से चुप रहने और अब आत्मसम्मान के लिए अपनी बात रखने का जिक्र किया था। इसी दौरान उनकी मां पूनम रिखी की ओर से भी सोशल मीडिया पर कर्म से जुड़ी पोस्ट शेयर की गई थीं।
जून में शादी की पुष्टि की थी
ईशा रिखी ने इसी साल जून में इंस्टाग्राम के ‘आस्क मी एनीथिंग’ सेशन के दौरान बादशाह के साथ अपनी शादी की पुष्टि की थी। हालांकि, दोनों ने शादी के बाद अपनी निजी जिंदगी को सार्वजनिक चर्चा से काफी हद तक दूर रखा।
अब दोनों के अलग होने की घोषणा के बाद उनके रिश्ते को लेकर चल रही चर्चाओं पर विराम लग गया है। रिपोर्ट्स में यह भी दावा किया जा रहा है कि ईशा रिखी जल्द ही सलमान खान के रियलिटी शो ‘बिग बॉस 20’ में नजर आ सकती हैं।
चंडीगढ़ से है दोनों का कनेक्शन
ईशा रिखी का जन्म और पालन-पोषण चंडीगढ़ में हुआ है। वह पंजाबी फिल्मों और म्यूजिक इंडस्ट्री में बतौर एक्ट्रेस और मॉडल काम कर चुकी हैं। उन्होंने पंजाब यूनिवर्सिटी, चंडीगढ़ से पढ़ाई की है।
वहीं बादशाह का भी चंडीगढ़ से खास रिश्ता रहा है। उन्होंने पंजाब इंजीनियरिंग कॉलेज (PEC) से पढ़ाई की है। उनके पिता हरियाणा और मां पंजाब से हैं।
बादशाह की दूसरी शादी थी
ईशा रिखी के साथ बादशाह की शादी उनकी दूसरी शादी थी। इससे पहले वह जैस्मिन मसीह के साथ शादीशुदा थे। दोनों की एक बेटी भी है। बादशाह और ईशा ने अपने रिश्ते को लेकर लंबे समय तक सार्वजनिक रूप से ज्यादा जानकारी साझा नहीं की थी।

















