मोहाली। राजवीर दीक्षित
(Farmers camp at the border once again; 1,000 tractors and trolleys arrive) चंडीगढ़-मोहाली बॉर्डर पर किसानों ने अपनी लंबित मांगों को लेकर मोर्चा खोल दिया है। मोहाली की तरफ गोल्फ क्लब के पास किसानों ने धरना शुरू किया है। किसान IISER-जगतपुरा रोड पर पंडाल लगाकर बैठे हैं। किसान संगठनों के मुताबिक यह धरना 7 सितंबर तक जारी रहेगा।
धरने में करीब 1,000 ट्रैक्टर-ट्रॉलियों के साथ बड़ी संख्या में किसान पहुंचे हैं। किसानों के जमावड़े को देखते हुए मोहाली और चंडीगढ़ पुलिस ने ट्रैफिक व्यवस्था में बदलाव किया है। बॉर्डर पर बैरिकेडिंग कर कई रास्तों को बंद या डायवर्ट किया गया है।
किसानों की प्रमुख मांगें
किसानों की ओर से पंजाब को पानी की रॉयल्टी देने, भारत-अमेरिका ट्रेड डील रद्द करने और किसानों के कर्ज माफ करने समेत कई मांगें उठाई जा रही हैं।
किसानों ने सड़क के बीच पंडाल लगाकर धरना शुरू किया है, जिसके चलते इस रूट पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई है।
IISER चौक से बेस्टेक मॉल तक रास्ता बंद
पुलिस के मुताबिक IISER चौक से बेस्टेक मॉल (फेज-11), मोहाली होते हुए जगतपुरा से चंडीगढ़ जाने वाली सड़क सभी वाहनों के लिए बंद रहेगी।
चंडीगढ़ पुलिस ने लोगों से इस मार्ग से बचने और वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल करने की अपील की है। बॉर्डर पर एक तरफ बैरिकेडिंग की गई है और दोनों दिशाओं का ट्रैफिक सड़क की दूसरी साइड से संचालित किया जा रहा है।
इन रास्तों से चंडीगढ़ जा सकेंगे
पुलिस ने वाहन चालकों को कई वैकल्पिक मार्ग सुझाए हैं। इनमें IISER चौक से लांडरा रोड, सेक्टर-82/83 रोड और जगतपुरा होते हुए चंडीगढ़ जाने का रास्ता शामिल है।
इसके अलावा वाहन चालक IISER चौक से एयरपोर्ट रोड, IT सिटी/एरॉसिटी होते हुए भी चंडीगढ़ जा सकते हैं। तीसरे विकल्प के तौर पर फेज-9 रोड, सेक्टर-66/68 और जगतपुरा के रास्ते का इस्तेमाल करने की सलाह दी गई है।
पुलिस ने जारी की एडवाइजरी
किसानों के मोर्चे को देखते हुए पुलिस ने लोगों से यात्रा से पहले अपना रूट प्लान करने की अपील की है। वाहन चालकों को ट्रैफिक साइन और पुलिस के निर्देशों का पालन करने को कहा गया है।
किसानों की बड़ी संख्या में मौजूदगी के चलते मोहाली-चंडीगढ़ मार्ग पर ट्रैफिक दबाव बढ़ने की संभावना है। पुलिस ने लोगों से परेशानी से बचने के लिए वैकल्पिक मार्ग अपनाने की सलाह दी है।

















