Home accident डैम में हादसा, 3 जवान डूबे; 2 की बचाई जान, एक लापता

डैम में हादसा, 3 जवान डूबे; 2 की बचाई जान, एक लापता

यमुनानगर। राजवीर दीक्षित 

(Accident at dam: 3 personnel drowned; 2 rescued, one missing) हरियाणा-हिमाचल सीमा पर स्थित हथिनीकुंड बैराज में मंगलवार शाम बाढ़ बचाव अभ्यास के दौरान बड़ा हादसा हो गया। यमुना नदी में ट्रेनिंग के दौरान सेना की मोटर बोट अचानक डूब गई, जिससे उसमें सवार तीन जवान गहरे पानी में चले गए।

हादसे के बाद दो जवान करीब 600 मीटर तैरकर पश्चिमी यमुना नहर के गेट से बाहर निकलने में सफल रहे, जबकि तीसरा जवान लापता हो गया। लापता जवान की तलाश के लिए सेना ने रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया है। सूचना मिलते ही हरियाणा और उत्तर प्रदेश पुलिस की टीमें भी मौके पर पहुंचीं। प्रशासन ने NDRF को भी बुलाया है।

30 अगस्त से चल रही थी ट्रेनिंग

प्रतापनगर थाना प्रभारी रोहताश सिंह के मुताबिक, हथिनीकुंड बैराज क्षेत्र में 30 अगस्त से स्पेशल फोर्स की ट्रेनिंग चल रही थी। मंगलवार को अभ्यास का आखिरी दिन था। इसी दौरान मोटर बोट डूबने की घटना हुई।

बताया जा रहा है कि शाम करीब 5 बजे कलेसर से नीचे और हथिनीकुंड बैराज से पहले यमुना की अपस्ट्रीम में अभ्यास चल रहा था।

हेलिकॉप्टर से नदी में उतरे थे जवान

अभ्यास के दौरान जवान हेलिकॉप्टर से एक-एक कर नदी में खड़ी मोटर बोट पर उतरे। जवानों के बोट में पहुंचने के बाद उसे स्टार्ट करने का प्रयास किया गया, लेकिन बताया जा रहा है कि तकनीकी खराबी के कारण बोट शुरू नहीं हुई।

कुछ ही देर में मोटर बोट पानी में डूबने लगी। इसके बाद जवानों ने नदी में छलांग लगा दी। उस समय यमुना में पानी का बहाव काफी तेज बताया जा रहा है।

दो जवानों ने 600 मीटर तैरकर बचाई जान

मोटर बोट डूबने के बाद दो जवान पश्चिमी यमुना नहर (WJC) की दिशा में तैरने लगे। तेज बहाव के बीच दोनों ने करीब 600 मीटर की दूरी तय की और नहर के खुले गेट से बाहर निकलने में कामयाब रहे।

बताया गया है कि उस समय करीब 14,500 क्यूसेक पानी WJC नहर में छोड़ा जा रहा था, जिसके चलते बहाव काफी तेज था।

तीसरे जवान की तलाश जारी

हादसे के बाद से तीसरा जवान लापता है। सेना की टीमें उसकी तलाश में जुटी हैं। प्रशासन ने भी राहत एवं बचाव दलों को मौके पर लगाया है।

फिलहाल सेना की ओर से घटना को लेकर आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। पुलिस और प्रशासन की टीमें पूरे घटनाक्रम की जानकारी जुटा रही हैं और लापता जवान की तलाश जारी है।

Translate »
error: Content is protected !!