Home accident पंजाब में भीषण सड़क हादसा, 13 लोग घायल

पंजाब में भीषण सड़क हादसा, 13 लोग घायल

जालंधर।राजवीर दीक्षित 

(Horrific road accident in Punjab; 13 people injured) जालंधर के गोराया में फिल्लौर रोड पर गुरुवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया। गोराया से फिल्लौर की ओर जा रहा एक टाटा ट्रक अचानक असंतुलित होकर डिवाइडर पार कर दूसरी तरफ से आ रहे टाटा ऐस से जा टकराया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि छोटे हाथी में सवार सभी 13 लोग घायल हो गए।

हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और सड़क पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित रहा।

डिवाइडर पार कर दूसरी दिशा में पहुंचा ट्रक

सड़क सुरक्षा फोर्स (SSF) के इंचार्ज सरबजीत सिंह के अनुसार, ट्रक गोराया से फिल्लौर की तरफ जा रहा था। इसी दौरान चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और ट्रक डिवाइडर पार कर दूसरी दिशा में पहुंच गया।

उसी समय फिल्लौर से गोराया की ओर आ रहे टाटा ऐस से ट्रक की सीधी टक्कर हो गई। टाटा ऐस में 13 लोग सवार थे और सभी को चोटें आईं।

SSF टीम ने संभाला मोर्चा

हादसे की सूचना मिलते ही SSF की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने घायलों को मौके पर प्राथमिक उपचार दिया। इसके बाद 108 एंबुलेंस और नेशनल हाईवे की एंबुलेंस की मदद से सभी घायलों को सिविल अस्पताल फगवाड़ा पहुंचाया गया।

हादसे के बाद SSF टीम ने दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर किनारे करवाया, जिससे यातायात को दोबारा सुचारू किया जा सके और दूसरे हादसे का खतरा टाला जा सके।

1033 पर कॉल के बावजूद मदद में देरी का आरोप

हादसे के बाद मौके पर मौजूद कुछ लोगों ने आरोप लगाया कि उन्होंने दुर्घटना की सूचना देने के लिए 1033 हेल्पलाइन पर फोन किया था। उनका दावा है कि काफी देर इंतजार करने के बावजूद संबंधित मदद मौके पर नहीं पहुंची।

लोगों के मुताबिक, इस दौरान SSF की टीम घटनास्थल पर पहुंच गई और उसने घायलों को संभालते हुए अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की।

हादसे के कारणों की जांच जारी

प्रारंभिक जानकारी में ट्रक के असंतुलित होने के कारण डिवाइडर पार करने की बात सामने आई है। हालांकि हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, इसकी पुलिस जांच कर रही है।

फिलहाल सभी 13 घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचा दिया गया है।

Translate »
error: Content is protected !!