Home crime गोल्डन टेंपल में हुई बेअदबी, सीसीटीवी में कैद हुआ मामला, युवक गिरफ्तार

गोल्डन टेंपल में हुई बेअदबी, सीसीटीवी में कैद हुआ मामला, युवक गिरफ्तार

अमृतसर।

(Sacrilege at Golden Temple; incident caught on CCTV, youth arrested) अमृतसर स्थित श्री हरमंदिर साहिब (गोल्डन टेंपल) परिसर में गुरुवार को बेअदबी का मामला सामने आया। आरोप है कि एक युवक ने गुटका साहिब के अंग फाड़ दिए और इसके बाद फाड़े गए अंगों को एक महिला की चुन्नी के पल्लू से बांध दिया। घटना की सूचना मिलने के बाद शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (SGPC) ने थाना कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई।

पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अब उससे पूछताछ कर घटना के पीछे की वजह और पूरे घटनाक्रम की जानकारी जुटा रही है।

माथा टेकने पहुंचा था युवक

ACP सेंट्रल अमृतसर सुरिंदर सिंह के अनुसार, आरोपी की पहचान मनदीप सिंह निवासी शहीद ऊधम सिंह नगर के रूप में हुई है। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, वह गोल्डन टेंपल में माथा टेकने आया था।

इसी दौरान उस पर गुटका साहिब के अरदास वाले अंग फाड़ने का आरोप है। जिन अंगों को फाड़ा गया, उन्हें परिसर में मौजूद एक महिला की चुन्नी के पल्लू से बांधे जाने की बात भी सामने आई है। महिला अपने परिवार के साथ माथा टेकने पहुंची थी।

CCTV फुटेज से पकड़ा गया आरोपी

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने गोल्डन टेंपल परिसर में लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू की। फुटेज के आधार पर पुलिस ने आरोपी की पहचान की और उसे ट्रेस कर हिरासत में ले लिया।

पुलिस कर रही पूछताछ

पुलिस के मुताबिक, आरोपी से पूछताछ की जा रही है। जांच में यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि कथित तौर पर उसने यह कृत्य किन परिस्थितियों में किया और इसके पीछे उसकी क्या मंशा थी।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले की जांच जारी है।

Translate »
error: Content is protected !!