Home Himachal Pradesh मंडी में चिट्टा तस्करों पर शिकंजा, 5 पकड़े गए; घर की रसोई...

मंडी में चिट्टा तस्करों पर शिकंजा, 5 पकड़े गए; घर की रसोई से बरामद हुआ नशा

मंडी । राजवीर दीक्षित

(Crackdown on ‘Chitta’ smugglers in Mandi; 5 arrested; drugs recovered from a kitchen)हिमाचल प्रदेश में चिट्टा तस्करी के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी है। जांच एजेंसियों को अब ऐसे मामलों के संकेत मिल रहे हैं, जहां आरोपी अपने घरों से ही नशे की तस्करी को अंजाम दे रहे हैं। इसी कड़ी में स्टेट टास्क फोर्स और पुलिस ने मंडी तथा जोगेंद्रनगर में कार्रवाई की। दो स्थानों पर दबिश के दौरान 28.18 ग्राम चिट्टा बरामद कर पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया। इसके अलावा एक वाहन में सवार लोगों से 8 ग्राम चिट्टा भी पकड़ा गया है।
चिट्टा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए स्टेट टास्क फोर्स ने मंदलोग में एक आरोपी के घर पर छापा मारा। STF को इनपुट मिला था कि 39 वर्षीय गुलाब सिंह उर्फ बंशू घर से ही चिट्टे की सप्लाई कर रहा है। टीम ने जब घर की तलाशी ली तो रसोईघर में रखे खाने की सामग्री के एक डिब्बे से चिट्टा बरामद किया गया। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
जांच के दौरान बरामद नशे की मात्रा 17 ग्राम निकली। आरोपी के पास से नशे की तस्करी में इस्तेमाल होने वाली छोटी वेटिंग मशीन और इंजेक्शन सीरिंज भी मिली। कार्रवाई के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर पुलिस को सौंप दिया गया है। अब पुलिस आरोपी से पूछताछ कर नशे के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों तक पहुंचने की कोशिश करेगी।

एक घर बना नशे का अड्डा? पुलिस ने 4 को पकड़ा

जोगेंद्रनगर में पुलिस ने एक घर में दबिश देकर चार संदिग्धों को गिरफ्तार किया है। तलाशी के दौरान 11.48 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। पुलिस को मौके से जले हुए नोट और सीरिंज मिलने के बाद मामले को गंभीरता से लिया जा रहा है। आरोपियों के मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं, जिनकी जांच के जरिए नशे की खरीद-फरोख्त से जुड़े सुराग तलाशे जा रहे हैं।बताया जा रहा है कि चारों पहले भी आपराधिक मामलों में संलिप्त रहे हैं और जमानत पर चल रहे थे।

टारना रोड पर पुलिस की दबिश, पिकअप से 8.8 ग्राम चिट्टा बरामद

टारना रोड पर पुलिस ने नशे के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक पिकअप गाड़ी से 8.8 ग्राम चिट्टा बरामद किया। पुलिस के अनुसार गाड़ी में दो लोग सवार थे। कार्रवाई के दौरान एक आरोपी मौके से फरार होने में सफल रहा, जबकि दूसरे आरोपी को पुलिस ने पकड़ लिया। पकड़े गए आरोपी की पहचान विक्रांत सिंह निवासी कैरियां, जवाली, जिला कांगड़ा के रूप में हुई है। पुलिस ने पिकअप नंबर एचपी 54 बी 8803 को भी कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। एसपी मंडी विनोद कुमार ने बताया कि मामले में आगामी कार्रवाई जारी है।

Translate »
error: Content is protected !!