चंडीगढ़ । राजवीर दीक्षित
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन पंजाब में पार्टी की 12 दिवसीय यात्रा के प्रमुख आकर्षण होंगे। यह यात्रा 18 से 30 सितंबर तक चलेगी। 2027 के पंजाब विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा राज्य में अपनी राजनीतिक गतिविधियों को तेज करने की तैयारी में है।
यात्रा को 18 सितंबर को चार अलग-अलग स्थानों से एक साथ रवाना किया जाएगा और इसका समापन जालंधर के एक मंदिर में होगा।
पार्टी नेताओं के अनुसार, यात्रा के चार शुरुआती स्थानों का चयन काफी सोच-समझकर किया गया है।
इनके जरिए धार्मिक भावना, सैन्य शौर्य और भाजपा की वैचारिक विरासत को एक साथ जोड़ने की कोशिश की गई है।
चार स्थानों से शुरू होगी यात्रा
यात्रा का पहला चरण तलवंडी साबो से शुरू होगा, जहां सिख धर्म के पांच तख्तों में से एक तख्त दमदमा साहिब स्थित है।
दूसरा चरण फतेहगढ़ साहिब से शुरू होगा, जो गुरु गोबिंद सिंह के छोटे साहिबजादों की शहादत से जुड़ा ऐतिहासिक स्थल है।
तीसरा चरण फाजिल्का स्थितवीर भूमि स्मारक से निकलेगा।
यह स्थान 1971 के भारत-पाकिस्तान युद्ध के दौरान भारतीय और पाकिस्तानी सैनिकों के बीच हुए भीषण आमने-सामने के संघर्ष से जुड़ा है।
चौथा चरण पठानकोट के पास जम्मू-कश्मीर सीमा पर स्थित लखनपुर में श्यामा प्रसाद मुखर्जी स्मारक से शुरू होगा
भारतीय जनसंघ के संस्थापक श्यामा प्रसाद मुखर्जी को 1953 में बिना परमिट जम्मू-कश्मीर में प्रवेश करने की कोशिश के दौरान यहीं गिरफ्तार किया गया था।
13 सितंबर को तय होगा यात्रा का नाम
सूत्रों के मुताबिक, यात्रा का नाम 13 सितंबर को होने वाली भाजपा की कोर कमेटी की बैठक में अंतिम रूप दिया जाएगा।
इस यात्रा को 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा के 117 सीटों पर अकेले चुनाव लड़ने के इरादे के शुरुआती संकेत के तौर पर देखा जा रहा है।
प्रदेश भाजपा के नेताओं ने दोहराया है कि 2027 के चुनाव में शिरोमणि अकाली दल (SAD) के साथ कोई गठबंधन नहीं होगा।
रूट और कार्यक्रम पर चल रहा मंथन
सूत्रों ने बताया कि यात्रा का अंतिम कार्यक्रम अभी तैयार किया जा रहा है।
भाजपा की जिला इकाइयां प्रदेश भाजपा अध्यक्ष केवल ढिल्लों और संगठन महासचिव मंत्री श्रीनिवासुलु के साथ लगातार बैठकें कर रही हैं।
इन बैठकों में यात्रा के रूट, स्थानीय स्तर की व्यवस्थाओं और अलग-अलग पड़ावों पर पार्टी नेताओं के कार्यक्रम को अंतिम रूप दिया जा रहा है।



















