नाहन । राजवीर दीक्षित
(Major anti-encroachment drive in Nahan: encroachments removed and vehicles seized) सिरमौर जिला मुख्यालय नाहन में वीरवार को अतिक्रमण के खिलाफ प्रशासन ने बड़ा एक्शन लिया। सड़कों, गलियों और सरकारी जमीन पर अवैध कब्जा करने वालों के खिलाफ प्रशासन और नगर परिषद ने संयुक्त अभियान शुरू किया। दिल्ली गेट से मोहल्ला गोबिंदगढ़ तक हुई कार्रवाई में सरकारी जमीन पर किए गए अवैध कब्जों को मशीनरी की मदद से हटाया गया। कार्रवाई शुरू होते ही अतिक्रमणकारियों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।अभियान आगे भी जारी रहने के संकेत दिए जा रहे हैं।
एसडीएम नाहन राजीव संख्यान के नेतृत्व में नगर परिषद, पुलिस, राजस्व विभाग और एनएचएआई के अधिकारियों ने कार्रवाई को अंजाम दिया।टीम ने सड़क किनारे सरकारी जमीन पर किए गए कब्जे हटाए और लंबे समय से लावारिस या खड़े वाहनों को भी वहां से हटाया। गोबिंदगढ़ क्षेत्र में सड़क किनारे रखे स्कूटर, कंडम फ्रिज और अन्य सामान को कब्जे में लिया गया।प्रशासन ने साफ किया है कि सार्वजनिक रास्तों और सरकारी भूमि पर अतिक्रमण किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। आने वाले दिनों में भी ऐसे क्षेत्रों में कार्रवाई जारी रहने की संभावना है।
एक्शन मोड में नगर परिषद, शहरभर में हटेंगे अवैध कब्जे
नाहन में अतिक्रमण के खिलाफ नगर परिषद ने अपना रुख स्पष्ट कर दिया है। परिषद के अनुसार, गोबिंदगढ़ के बाद अब शहर के अन्य हिस्सों में भी चरणबद्ध कार्रवाई की जाएगी। सरकारी जमीन पर कब्जा, सड़क किनारे अवैध पार्किंग और सार्वजनिक स्थानों पर सामान रखने वालों पर कार्रवाई की जाएगी। नगर परिषद ने संकेत दिया है कि अभियान आने वाले समय में और तेज हो सकता है।



















