भरमौर (चंबा)।राजवीर दीक्षित
हिमाचल प्रदेश में शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए सरकार 5,000 शिक्षकों की भर्ती करेगी। शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने रविवार को यह जानकारी देते हुए कहा कि भर्ती से खासकर जनजातीय और दुर्गम क्षेत्रों के स्कूलों में शिक्षकों की कमी दूर करने में मदद मिलेगी।
शिक्षा मंत्री चंबा जिले के भरमौर विधानसभा क्षेत्र में करीब 2.35 करोड़ रुपये की लागत से तैयार स्कूल भवनों का उद्घाटन करने के बाद जनसभाओं को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान सदर विधायक नीरज नैयर भी मौजूद रहे।
मंत्री ने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय मांधा में करीब 1.48 करोड़ रुपये से बने साइंस ब्लॉक का उद्घाटन किया। इससे पहले उन्होंने राजकीय हाई स्कूल सैली के 87 लाख रुपये की लागत से निर्मित नए भवन का लोकार्पण किया।
रोहित ठाकुर ने कहा कि मौजूदा सरकार के कार्यकाल में शिक्षा विभाग में करीब 10,000 नियुक्तियां की जा चुकी हैं, जबकि 5,000 और शिक्षकों की भर्ती का प्रावधान किया गया है। उन्होंने कहा कि सरकार आर्थिक चुनौतियों और प्राकृतिक आपदाओं के बावजूद गुणवत्तापूर्ण तथा परिणामोन्मुखी शिक्षा उपलब्ध करवाने के लिए प्रतिबद्ध है।
शिक्षा मंत्री ने मांधा स्कूल में अतिरिक्त निर्माण कार्यों के लिए धन उपलब्ध करवाने का आश्वासन दिया। उन्होंने विज्ञान विषय के पद सृजित करने और अतिरिक्त शौचालयों के निर्माण के लिए 3 लाख रुपये देने की घोषणा भी की।
सैली स्कूल में रसोई और अन्य कार्यों के लिए 5 लाख रुपये देने का ऐलान किया। उन्होंने स्थानीय पंचायतों की ओर से उठाई गई मांगों पर भी विचार करने का भरोसा दिया।
रोहित ठाकुर ने कहा कि राजस्व घाटा अनुदान (RDG) बंद होने और जीएसटी मुआवजा वापस लिए जाने से प्रदेश की वित्तीय स्थिति पर अतिरिक्त दबाव पड़ा है। इसके बावजूद सरकार शिक्षा के स्तर को बेहतर बनाने और विद्यार्थियों के लिए सीखने के अवसर बढ़ाने के प्रयास कर रही है।
उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश शिक्षा के क्षेत्र में देश के अग्रणी राज्यों में शामिल है और सरकार इस स्थिति को मजबूत बनाए रखने के लिए कदम उठा रही है।
मंत्री ने बताया कि मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू जल्द ही भरमौर का दौरा करेंगे। इस दौरान विभिन्न विकास परियोजनाओं के उद्घाटन और शिलान्यास प्रस्तावित हैं, जिससे जनजातीय क्षेत्र में विकास कार्यों को गति मिलने की उम्मीद है।


















