ऊना । राजवीर दीक्षित
हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले के अम्ब उपमंडल के भंजाल गांव में घर के सामने दीवार बनाने को लेकर दो पड़ोसियों के बीच हुआ विवाद दर्दनाक घटना में बदल गया। दीवार को थोड़ा पीछे हटाकर बनाने की मांग से शुरू हुई बहस के दौरान कथित तौर पर धक्का-मुक्की हुई। आरोप है कि बहू को बचाने पहुंचे 85 वर्षीय बुजुर्ग को भी धक्का दिया गया, जिससे वे जमीन पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजन उन्हें अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही अम्ब पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी। डीएसपी अम्ब अनिल पटियाल के अनुसार, पीड़ित बहू की शिकायत पर मामला दर्ज किया गया है। टांडा मेडिकल कॉलेज में पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस को पोस्टमार्टम की अंतिम रिपोर्ट का इंतजार है, जिसके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

















