श्री आनंदपुर साहिब । राजवीर दीक्षित
प्राचीन रामलीला कमेटी द्वारा स्टेडियम ग्राउंड में दशहरे का ऐतिहासिक पर्व श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर भाजपा के पंजाब प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. सुभाष शर्मा ने विशेष रूप से शिरकत की और समस्त क्षेत्रवासियों को दशहरे की शुभकामनाएं दीं।
इस मौके पर डॉ. सुभाष शर्मा ने कहा कि दशहरा हमें बुराई पर अच्छाई, अधर्म पर धर्म और झूठ पर सत्य की जीत का संदेश देता है। भगवान श्रीराम का जीवन हमें सत्य, मर्यादा, कर्तव्य और समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने की प्रेरणा देता है। आज जरूरत है कि हम इन आदर्शों को अपने जीवन में अपनाएं और समाज से हर प्रकार की बुराई को समाप्त करने के लिए एकजुट हों।
उन्होंने कहा कि आज पंजाब की सबसे बड़ी चुनौती नशे की समस्या है। जिस तरह दशहरे के अवसर पर रावण के पुतले का दहन करके बुराई के अंत का संदेश दिया जाता है, उसी तरह हम सभी को मिलकर पंजाब से नशे रूपी रावण का खात्मा करने का संकल्प लेना चाहिए। नशे ने युवाओं, परिवारों और समाज को प्रभावित किया है। इसलिए युवाओं को नशे से दूर रखने, उन्हें शिक्षा और रोजगार के अवसर प्रदान करने तथा नशा पीड़ितों के पुनर्वास के लिए ठोस प्रयास करना जरूरी है।
डॉ. शर्मा ने कहा कि पंजाब दौरे के दौरान अमित शाह जी द्वारा नशे के खिलाफ लड़ाई को लेकर व्यक्त की गई प्रतिबद्धता के संदर्भ में भी पंजाब को नशामुक्त बनाने के लिए सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि नशे के खिलाफ लड़ाई किसी एक पार्टी या व्यक्ति की नहीं, बल्कि पूरे पंजाब और हर परिवार की साझा जिम्मेदारी है।
श्री आनंदपुर साहिब क्षेत्र के विकास के लिए प्रयास जारी रहेंगे
श्री आनंदपुर साहिब विधानसभा क्षेत्र के विकास के बारे में बात करते हुए डॉ. सुभाष शर्मा ने कहा कि इस ऐतिहासिक और धार्मिक महत्व वाले क्षेत्र के विकास के लिए वह लगातार प्रयासरत रहेंगे। उन्होंने कहा कि श्री आनंदपुर साहिब और कीरतपुर साहिब के अस्पतालों में लोगों को 24 घंटे स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करवाना एक महत्वपूर्ण मांग है, ताकि आपातकालीन स्थिति में लोगों को इलाज के लिए परेशान न होना पड़े।
उन्होंने आगे कहा कि श्री आनंदपुर साहिब के बाजारों में सफाई, स्वच्छता और बुनियादी सुविधाओं में सुधार करना भी जरूरी है। धार्मिक और ऐतिहासिक महत्व वाले इस शहर में आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों को स्वच्छ वातावरण और बेहतर सुविधाएं मिलनी चाहिए।उन्होंने कहा कि क्षेत्र के सर्वांगीण विकास, स्वास्थ्य सुविधाओं में सुधार और लोगों की बुनियादी समस्याओं के समाधान के लिए वह अपनी आवाज बुलंद करते रहेंगे।
अंत में डॉ. सुभाष शर्मा ने लोगों से अपील की कि वे दशहरे के पावन अवसर पर बुराइयों का त्याग करने, युवाओं को नशे से बचाने तथा समाज में आपसी भाईचारे, एकता और सद्भावना को मजबूत करने का संकल्प लें।
उन्होंने कहा कि हमारा लक्ष्य केवल त्योहार मनाना नहीं, बल्कि भगवान श्रीराम की शिक्षाओं पर चलते हुए एक नशामुक्त, स्वस्थ, स्वच्छ और विकसित पंजाब के निर्माण में योगदान देना है।
















