Home Una News जोगी पंगा में नारी शक्ति का जलवा! करवाचौथ सम्मान समारोह में उमड़ा...

जोगी पंगा में नारी शक्ति का जलवा! करवाचौथ सम्मान समारोह में उमड़ा सैलाब

बंगाणा (ऊना)। राजवीर दीक्षित

 

(Women’s power shines in Jogi Panga! Huge turnout at the Karva Chauth felicitation ceremony) कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र के जोगी पंगा स्थित कांग्रेस कार्यालय में करवाचौथ के उपलक्ष्य पर आयोजित नारी शक्ति सम्मान समारोह में हजारों महिलाओं की उपस्थिति से माहौल उत्सवमय हो गया। कुटलैहड़ के विधायक विवेक शर्मा की धर्मपत्नी मृदु शर्मा के नेतृत्व में आयोजित इस समारोह में क्षेत्रभर से पहुंचीं महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। पारंपरिक रीति-रिवाजों, गीत-संगीत और मनोरंजक गतिविधियों से सजे इस आयोजन ने महिलाओं को आपस में मिलने और त्योहार की खुशियां साझा करने का अवसर प्रदान किया।

इस समारोह में चिंतपूर्णी के विधायक सुदर्शन सिंह बबलू ने परिवार सहित शिरकत की। साथ ही, उपायुक्त ऊना जतिन लाल की धर्मपत्नी रेणु शेरावत और विधायक विवेक शर्मा की माता विद्या देवी भी विशेष रूप से मौजूद रहीं।
कार्यक्रम में महिलाओं के लिए मेहंदी रस्म, गायन और विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। हिंदी और पंजाबी गीतों पर महिलाओं ने जमकर नृत्य किया और समारोह का भरपूर आनंद उठाया।

गायक मोहित शर्मा की प्रस्तुतियों ने बांधा समां

समारोह का मुख्य आकर्षण स्थानीय गायक मोहित शर्मा की रंगारंग प्रस्तुतियां रहीं। उनकी गायकी पर महिलाएं झूम उठीं और पूरा कार्यक्रम स्थल तालियों व उत्साह से गूंज उठा।

महिलाओं के लिए आयोजित खेल प्रतियोगिताओं में प्रतिभागियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिताओं में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान हासिल करने वाली महिलाओं को विधायक विवेक शर्मा ने सम्मानित किया। इसके साथ ही स्कूली बच्चों को भी सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।

मृदु शर्मा ने महिलाओं को दिया शगुन, सुख-समृद्धि की कामना की

मृदु शर्मा ने समारोह में पहुंचीं महिलाओं का स्वागत किया और उन्हें शगुन भेंट किया। उन्होंने सभी महिलाओं के सुखी वैवाहिक जीवन, सुहाग की लंबी उम्र तथा परिवारों की सुख-समृद्धि की कामना की। करवाचौथ की पारंपरिक रस्मों के बीच महिलाओं ने एक-दूसरे को त्योहार की शुभकामनाएं दीं। आयोजन में पहाड़ी धाम की विशेष व्यवस्था भी की गई थी, जिसका उपस्थित महिलाओं ने भरपूर आनंद उठाया।

मातृशक्ति समाज को दिशा देने वाली शक्ति : विवेक शर्मा

विधायक विवेक शर्मा ने समारोह में पहुंचीं हजारों माताओं और बहनों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि मातृशक्ति समाज की आधारशिला है और परिवार से लेकर सामाजिक विकास तक महिलाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। आज महिलाएं हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा और क्षमता का प्रदर्शन कर रही हैं। उन्होंने कहा कि महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने और उन्हें आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध करवाने के लिए निरंतर प्रयास करना आवश्यक है। प्रदेश सरकार भी महिलाओं के सशक्तीकरण और उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत करने के लिए प्रयासरत है।

विवेक शर्मा ने कहा कि करवाचौथ जैसे पारंपरिक त्योहार हमारी संस्कृति, रीति-रिवाजों और पारिवारिक मूल्यों को मजबूत करते हैं। ऐसे आयोजन महिलाओं को एक साझा मंच प्रदान करते हैं, जहां वे आपसी मेलजोल बढ़ाने के साथ अपनी खुशियां साझा कर सकती हैं। उन्होंने कहा कि समारोह में हजारों महिलाओं की भागीदारी उनके लिए प्रसन्नता और सम्मान का विषय है। उन्होंने आयोजन में शामिल सभी माताओं और बहनों का धन्यवाद किया।

समारोह में चिंतपूर्णी के विधायक सुदर्शन सिंह बबलू परिवार सहित, विधायक विवेक शर्मा की माता विद्या देवी, उपायुक्त ऊना जतिन लाल की धर्मपत्नी रेणु शेरावत, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष विवेक मिंका और एससी आयोग के सदस्य विजय डोगरा सहित कांग्रेस के अनेक पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।

Translate »
error: Content is protected !!