द टारगेट न्यूज़:
भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी में अपना दबदबा कायम रखते हुए छठी बार खिताब अपने नाम कर लिया है। गुरुवार को खेले गए फाइनल मुकाबले में भारत ने जापान को 4-1 से शिकस्त दी। इस जीत के साथ ही भारत ने टूर्नामेंट में खिताबी हैट्रिक पूरी कर ली है। इससे पहले भारत ने 2011, 2016, 2018, 2023 और 2024 में यह ट्रॉफी जीती थी। ओलंपिक बलबीर सिंह स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में जापान ने शुरुआत में भारत को चौंका दिया था। खेल के तीसरे ही मिनट में काजुमासा मात्सुमोतो ने फील्ड गोल करके जापान को 1-0 की बढ़त दिला दी। पहले दो क्वार्टर में जापान ने भारतीय टीम को कड़ी टक्कर दी और मेजबान टीम के डिफेंस को दबाव में रखा। हालांकि, दूसरे हाफ में भारतीय खिलाड़ियों ने शानदार वापसी की। भारत के लिए वापसी की शुरुआत 42वें मिनट में हुई, जब शिलानंद लाकड़ा ने पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदलकर स्कोर 1-1 कर दिया। इसके बाद 48वें मिनट में दिलप्रीत सिंह ने फील्ड गोल कर भारत को बढ़त दिलाई। मैच के अंतिम क्षणों में भारत ने अपनी पकड़ और मजबूत की। 53वें मिनट में जुगराज सिंह ने पेनल्टी कॉर्नर के जरिए गोल किया, जबकि 54वें मिनट में विवेक सागर प्रसाद ने एक जोरदार हिट के साथ स्कोर 4-1 कर दिया। इस मैच में उप-कप्तान हार्दिक सिंह ने अपने 200वें अंतरराष्ट्रीय मैच में शानदार प्रदर्शन करते हुए मिडफील्ड की कमान संभाली, वहीं जरमनप्रीत सिंह ने रक्षा पंक्ति में मजबूती दिखाई। भारत ने पूरे टूर्नामेंट में अजेय रहते हुए यह खिताबी जीत हासिल की है।


















