Home Breaking News अमिताभ बच्चन की सादगी ने जीता दिल! शिमला के बॉबी भाई ने...

अमिताभ बच्चन की सादगी ने जीता दिल! शिमला के बॉबी भाई ने सुनाया KBC का यादगार किस्सा

शिमला।राजवीर दीक्षित

दूसरों के दुख को अपना समझकर वर्षों से मानवता की सेवा में जुटे शिमला के सरबजीत सिंह बॉबी, जिन्हें लोग प्यार से ‘बॉबी भाई’ और ‘शिमला दा वेल्हा’ कहते हैं, अब राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित होने जा रहे हैं। लोकप्रिय टीवी शो ‘कौन बनेगा करोड़पति’ (KBC) में उन्हें ‘फोर्स ऑफ गुड अवॉर्ड’ के लिए चुना गया है। उनके संघर्ष और सेवा की कहानी 12 नवंबर को रात 9 बजे प्रसारित होने वाले एपिसोड में दिखाई जाएगी।

हालांकि, बॉबी भाई के लिए इस सम्मान से भी ज्यादा यादगार पल बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन से मुलाकात का रहा। बॉबी ने बताया कि सेट पर उन्होंने करीब चार घंटे अमिताभ बच्चन के साथ बिताए। उनकी ऊर्जा, सादगी और हर व्यक्ति से मिलने के विनम्र अंदाज ने उन्हें बेहद प्रभावित किया।

बॉबी के मुताबिक, जब वह सम्मान जताने के लिए अमिताभ बच्चन के पैर छूने लगे तो अभिनेता ने उन्हें रोक दिया। इसके बाद अमिताभ बच्चन ने खुद बॉबी के पैर छूने की कोशिश की और उनसे आशीर्वाद मांगा।

इस भावुक पल को याद करते हुए बॉबी ने कहा कि उन्हें अब भी यकीन नहीं हो रहा कि देश के इतने बड़े अभिनेता इतनी विनम्रता दिखा सकते हैं। उन्होंने अमिताभ बच्चन को सच्चा सज्जन बताते हुए इस मुलाकात को अपनी जिंदगी के सबसे यादगार पलों में से एक बताया।

शिमला स्थित NGO ‘अलमाइटी ब्लेसिंग्स’ के माध्यम से बॉबी पिछले करीब 12 वर्षों से दोस्तों और स्वयंसेवकों के सहयोग से जरूरतमंदों की सेवा कर रहे हैं। उनकी संस्था रोजाना करीब 4,000 लोगों को भोजन उपलब्ध करवाती है। इनमें अस्पतालों के आसपास रहने वाले गरीब मरीज और उनके तीमारदार भी शामिल हैं।

संस्था की ओर से मुफ्त कैंटीन और लंगर सेवाएं चलाई जाती हैं, जहां जरूरतमंदों को भोजन और जलपान उपलब्ध कराया जाता है।

बॉबी भाई की सेवा का दायरा केवल भोजन वितरण तक सीमित नहीं है। वह करीब 28 वर्षों से लावारिस, अज्ञात और सड़ी-गली अवस्था में मिले शवों के अंतिम संस्कार तथा शवों को ले जाने की मुफ्त सेवा में भी जुटे हैं।

इसके अलावा उनकी संस्था समय-समय पर रक्तदान शिविर आयोजित करती है और बाढ़ जैसी प्राकृतिक आपदाओं के दौरान प्रभावित लोगों तक राहत पहुंचाने का काम भी करती है।

KBC की टीम ने पिछले महीने शिमला पहुंचकर बॉबी के सेवा कार्यों पर एक विशेष वीडियो भी तैयार किया था। बॉबी ने इस सम्मान का श्रेय अपने दोस्तों, स्वयंसेवकों और उन सभी सहयोगियों को दिया, जिन्होंने वर्षों से उनके इस सेवा अभियान में साथ दिया है।

दशकों से बिना किसी स्वार्थ के अनजान लोगों की मदद करने वाले बॉबी भाई के लिए KBC का सम्मान उनकी सेवा को देशभर में पहचान दिलाने वाला है। वहीं, अमिताभ बच्चन के साथ हुई भावुक मुलाकात उनके जीवन की ऐसी याद बन गई है, जिसे वह शायद कभी नहीं भूल पाएंगे।

Translate »
error: Content is protected !!
BREAKING NEWS
अमिताभ बच्चन की सादगी ने जीता दिल! शिमला के बॉबी भाई ने सुनाया KBC का यादगार किस्सा चंडीगढ़ के अगले एसएसपी के लिए पंजाब ने शुरू की अधिकारियों का पैनल तैयार करने की प्रक्रिया हिमांशु जैन ने पटियाला के नए उपायुक्त के रूप में संभाला कार्यभार सैयद मुश्ताक अली टी20 ट्रॉफी के लिए चंडीगढ़ की सीनियर पुरुष क्रिकेट टीम घोषित 70th नेशनल स्कूल गेम्स के उद्घाटन समारोह में शामिल होंगे कई स्कूलों के छात्र साल 2027 के चुनावों के लिए पंजाब और हरियाणा पुलिस ने बनाई संयुक्त रणनीति वारिस पंजाब दे का प्रतिनिधिमंडल आज पंजाब के मुख्य निर्वाचन अधिकारी से करेगा मुलाकात गृह मंत्रालय ने भारतीय वीज़ा प्रणाली को सरल बनाया: मुख्य श्रेणियां 13 से घटाकर 9 की गईं, आवेदन फॉर्म के कॉलम भी कम हुए मणि माजरा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में बनेगा अंतरराष्ट्रीय स्तर का स्केटिंग हब डेरा सचखंड बल्लां में आप-भाजपा समर्थकों के बीच खींचतान, समरसता संकल्प यात्रा को लेकर विवाद