चंडीगढ़ । राजवीर दीक्षित
पंजाब विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। रविवार को पार्टी ने राज्य स्तर पर दो महत्वपूर्ण समितियों का गठन करते हुए वरिष्ठ नेताओं को अहम जिम्मेदारियां सौंपी हैं।
प्रदेश अध्यक्ष केवल ढिल्लों के हस्ताक्षर से जारी पत्रों के अनुसार, राज्य के पूर्व राज्यसभा सदस्य अविनाश राय खन्ना को घोषणापत्र समिति (मैनिफेस्टो कमेटी) का चेयरमैन नियुक्त किया गया है। वहीं, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सुनील जाखड़ को चार्जशीट समिति की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
केवल ढिल्लों ने बताया कि आने वाले दिनों में कुछ अन्य महत्वपूर्ण समितियों का भी ऐलान किया जाएगा।
13 सदस्यीय घोषणापत्र समिति में शामिल नेता
घोषणापत्र समिति में मनप्रीत बादल, अश्वनी शर्मा, मनोरंजन कालिया, सोम प्रकाश, राणा गुरमीत सिंह सोढ़ी, अश्वनी सेखड़ी, सतनाम सिंह संधू, राघव चड्ढा, राजिंदर गुप्ता, हरभजन सिंह, परमपाल कौर और एचएस फूलका को शामिल किया गया है।
इस समिति में पंजाब से जुड़े पूर्व मंत्रियों, पूर्व विधायकों, सांसदों और पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारियों को जगह दी गई है।
14 सदस्यीय चार्जशीट समिति में इन नेताओं को मिली जगह
चार्जशीट समिति में इकबाल लालपुरा, विजय सांपला, श्वेत मलिक, परनीत कौर, रवनीत सिंह बिट्टू, दिनेश बब्बू, सुशील रिंकू, गेजा राम, विक्रमजीत साहनी, अशोक मित्तल, संदीप पाठक, एसएस चन्नी और जगमीत बराड़ को शामिल किया गया है।
पार्टी के अनुसार, इस समिति में पंजाब के साथ-साथ राष्ट्रीय स्तर के नेताओं को भी प्रतिनिधित्व दिया गया है।
भाजपा का कहना है कि घोषणापत्र समिति में विभिन्न क्षेत्रों का अनुभव रखने वाले नेताओं को शामिल किया गया है, जो आगामी विधानसभा चुनाव के लिए पार्टी का चुनावी दस्तावेज तैयार करेंगे।
वहीं, चार्जशीट समिति को विपक्षी दलों, विशेष रूप से पंजाब की सत्ताधारी आम आदमी पार्टी (AAP) सरकार के खिलाफ आरोपों और मुद्दों की सूची तैयार करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।













