द टारगेट न्यूज़:
पंचकूला के एक स्कूल में 6 साल की बच्ची के साथ हुई बर्बर मारपीट के मामले में आरोपी 8 साल के बच्चे की मेडिकल रिपोर्ट सामने आई है। चंडीगढ़ के जीएमसीएच-32 के मेडिकल बोर्ड ने अपनी जांच में बच्चे को ‘कंडक्ट डिसऑर्डर’ और ‘अटेंशन डेफिसिट हाइपरएक्टिविटी डिसऑर्डर’ (ADHD) से पीड़ित बताया है। बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि बच्चे को निरंतर देखरेख और उचित उपचार की आवश्यकता है। 28 अक्टूबर को हुई इस घटना में आरोपी बच्चे ने केजी की छात्रा को ईंटों से बुरी तरह पीटा था। मेडिकल बोर्ड ने 31 अक्टूबर और 2 नवंबर को बच्चे का मनोवैज्ञानिक परीक्षण किया। रिपोर्ट के अनुसार, बच्चे का आईक्यू (IQ) औसत स्तर (102) का है, लेकिन उसके व्यवहार में भावनात्मक समर्थन की कमी और अधिकारियों के प्रति नकारात्मक दृष्टिकोण जैसे लक्षण पाए गए हैं। घटना के बारे में पूछे जाने पर बच्चा काफी सतर्क दिखा और उसने कोई विस्तृत जानकारी नहीं दी। फिलहाल, बच्ची खतरे से बाहर है और पुलिस मामले की जांच में जुटी है।













