द टारगेट न्यूज़:
मोहाली के एयरपोर्ट रोड स्थित मोहाली सिटी सेंटर के पास 15 नवंबर की रात को एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो गई। उनकी बाइक को एक थार एसयूवी ने टक्कर मार दी और इसके बाद एक अन्य थार एसयूवी उन्हें कुचलते हुए मौके से फरार हो गई। मृतकों की पहचान 23 वर्षीय संस्कार सोनी और 27 वर्षीय रोहित कुमार के रूप में हुई है। हादसे के बाद उनके दोस्तों द्वारा दोनों को तुरंत फेज-6 स्थित सिविल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। सेक्टर-66 के निवासी और इस मामले के शिकायतकर्ता सूर्यांश शर्मा के अनुसार, यह घटना 15 नवंबर को रात करीब 10:50 बजे हुई। वह अपनी मोटरसाइकिल पर मोहाली से जीरकपुर की तरफ जा रहे थे, जबकि उनके दोस्त संस्कार और रोहित एक अन्य मोटरसाइकिल पर उनसे आगे चल रहे थे। जब वे जीरकपुर में एयरपोर्ट रोड ट्रैफिक लाइट के पास पहुंचे, तो चंडीगढ़ नंबर की एक थार ने उनकी मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी, जिससे दोनों युवक सड़क पर गिर पड़े। इस बीच, पीछे से आ रही एक अन्य थार ने सड़क पर गिरे संस्कार और रोहित को कुचल दिया और ड्राइवर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मोटरसाइकिल और एक एसयूवी को अपने कब्जे में ले लिया है, बताया जा रहा है कि इस एसयूवी पर पुलिस का स्टिकर लगा हुआ था। मृतक संस्कार सोलन में एक दुकान चलाते थे, जबकि रोहित सेक्टर-74 में एक निजी फर्म में नौकरी करते थे। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और फरार वाहन व चालकों की तलाश जारी है।













