द टारगेट न्यूज़:
खडूर साहिब से सांसद अमृतपाल सिंह को उनकी दादी चरण कौर के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए 3 घंटे की कस्टडी पैरोल मिली है। अमृतसर के अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश ने मंगलवार को आदेश जारी करते हुए अमृतपाल को 21 नवंबर को दोपहर 12 बजे से 3 बजे तक उनके पैतृक गांव जल्लूपुर खेड़ा जाने की अनुमति दी है। उनके वकील हरजोत सिंह मान ने इस फैसले की पुष्टि की है। अदालत ने स्पष्ट किया है कि अमृतपाल केवल अंतिम संस्कार के लिए ही भौतिक रूप से उपस्थित रहेंगे। 22 नवंबर को अस्थि विसर्जन और 23 नवंबर को भोग कार्यक्रम में वे वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए शामिल होंगे। अभियोजन पक्ष ने कानून-व्यवस्था बिगड़ने की आशंका जताते हुए उनके लंबे समय तक बाहर रहने का विरोध किया था, जिसके बाद अदालत ने अन्य कार्यक्रमों में उनकी व्यक्तिगत उपस्थिति की अनुमति नहीं दी। सुरक्षा कारणों से अदालत ने राज्य सरकार को यह छूट दी है कि यदि कोई अप्रिय स्थिति बनती है, तो वे अमृतपाल को तुरंत वहां से हटा सकते हैं। इस यात्रा का पूरा खर्च अमृतपाल खुद उठाएंगे। वहीं, अमृतपाल के चाचा हरजीत सिंह और चचेरे भाई सुखमनप्रीत की पैरोल याचिकाओं पर अदालत बुधवार को फैसला सुना सकती है।













