द टारगेट न्यूज़:
केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मंगलवार को पंजाब के कृषि क्षेत्र के लिए 352.64 करोड़ रुपये के वित्तीय पैकेज की घोषणा की। मोहाली के बदरपुर गांव में ‘खेत बचाओ अभियान’ के दौरान उन्होंने पंजाब के कृषि मंत्री गुरमीत सिंह खुड्डियां को मंजूरी पत्र सौंपा। इस राशि में प्रधानमंत्री राष्ट्रीय कृषि विकास योजना (PM-RKVY) के तहत 254.20 करोड़ रुपये और 98.44 करोड़ रुपये की सात नई परियोजनाएं शामिल हैं। चौहान ने स्पष्ट किया कि सरकारों के राजनीतिक मतभेद अलग हो सकते हैं, लेकिन किसानों की सेवा साझा जिम्मेदारी है। खाद की कालाबाजारी और जबरन टैगिंग पर कड़ा रुख अपनाते हुए उन्होंने चेतावनी दी कि ऐसा करने वाले डीलरों को जेल की हवा खानी पड़ेगी। उन्होंने बताया कि सरकार नकली बीज, खाद और कीटनाशकों पर लगाम लगाने के लिए एक नया सख्त कानून ला रही है। इसके अलावा, यूरिया के विकल्प के रूप में ग्रीन अमोनिया के परीक्षण और मिट्टी की सेहत सुधारने के लिए मृदा परीक्षण पर जोर दिया गया। चौहान ने पंजाब के किसानों को गेहूं-धान के चक्र से निकलकर एकीकृत खेती (बागवानी, डेयरी, मत्स्य पालन) अपनाने की सलाह दी ताकि आय के स्रोत बढ़ सकें। उन्होंने पराली जलाने की घटनाओं में कमी लाने के लिए पंजाब के किसानों की सराहना की और कहा कि देश की खाद्य सुरक्षा में राज्य का योगदान अतुलनीय है।













