हरियाणा। राजवीर दीक्षित
(Bribe in exchange for possession! Bailiff arrested while accepting 50,000) हरियाणा के पलवल जिला न्यायालय में तैनात एक बेलिफ को विजिलेंस एवं एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) की फरीदाबाद यूनिट ने 50 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान श्याम सुंदर के रूप में हुई है। ACB टीम ने उसे आगरा चौक पर कार में रिश्वत की रकम लेते हुए पकड़ा। उसके खिलाफ ACB थाना फरीदाबाद में मामला दर्ज किया गया है।
मकान का कब्जा दिलाने के बदले मांगी रिश्वत
शिकायतकर्ता के अनुसार, उसने वर्ष 2019 में गांव रामपुर खोर निवासी हरिप्रमोद उर्फ प्रमोद दीक्षित से राधा कॉलोनी में ITI के पास 287 गज का दो मंजिला मकान खरीदने का एग्रीमेंट किया था। बाद में विवाद होने पर मामला अदालत पहुंच गया।
कोर्ट ने मकान की रजिस्ट्री शिकायतकर्ता के नाम करने और उसे कब्जा दिलाने का आदेश दिया था। कब्जा दिलाने के लिए एडिशनल सिविल जज की अदालत ने श्याम सुंदर को बेलिफ नियुक्त किया था।
आरोप है कि श्याम सुंदर ने कब्जा दिलाने के बदले 70 हजार रुपये की मांग की थी। शिकायतकर्ता पहले ही 20 हजार रुपये दे चुका था और बाकी 50 हजार रुपये मांगे जा रहे थे।
जाल बिछाकर दबोचा, 50 हजार रुपये बरामद
शिकायत मिलने के बाद ACB ने जाल बिछाया। इंस्पेक्टर राजकुमार के नेतृत्व में टीम ने आगरा चौक पर कार में बैठे श्याम सुंदर को 50 हजार रुपये लेते हुए गिरफ्तार कर लिया। रिश्वत की रकम जब्त कर ली गई।
कार्रवाई के दौरान राजपत्रित अधिकारी के तौर पर FMDA के XEN ओम दत्त मौजूद रहे। ACB अब पहले दिए गए 20 हजार रुपये के संबंध में भी जांच कर रही है।
रिश्वत मांगे तो यहां करें शिकायत
ACB ने लोगों से अपील की है कि कोई सरकारी कर्मचारी रिश्वत मांगता है तो टोल फ्री नंबर 1064 या 1800-180-2022 पर शिकायत करें। इसके अलावा ‘सतर्क हरियाणा’ ऐप के माध्यम से फोटो और वीडियो के साथ भी शिकायत दर्ज करवाई जा सकती है।
क्या होता है बेलिफ?
बेलिफ अदालत का अधिकारी होता है, जिसे कोर्ट के आदेशों को लागू करवाने, कानूनी नोटिस और समन पहुंचाने जैसे काम सौंपे जाते हैं।











