शिमला।राजवीर दीक्षित
हिमाचल प्रदेश में पिछले चार दशकों के दौरान सेब की उत्पादकता में भारी गिरावट दर्ज की गई है। वर्ष 1981 में जहां एक हेक्टेयर से 10 टन से अधिक सेब पैदा होता था, वहीं 2023 में यह घटकर करीब 4.3 टन रह गया। भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (ICAR) की पत्रिका ‘इंडियन हॉर्टिकल्चर’ में प्रकाशित एक लेख में यह खुलासा हुआ है। लेख डॉ. वाईएस परमार यूनिवर्सिटी ऑफ हॉर्टिकल्चर एंड फॉरेस्ट्री, नौणी (सोलन) के वैज्ञानिकों ने तैयार किया है।
वैज्ञानिकों के मुताबिक, 1981 की तुलना में 2023 में सेब की उत्पादकता 50 प्रतिशत से अधिक गिर गई। हाल के वर्षों में बेहतर उत्पादन के दौरान भी पैदावार मुश्किल से 6 टन प्रति हेक्टेयर के पार पहुंची। यह गिरावट इसलिए भी चौंकाने वाली है, क्योंकि सेब उत्पादन में वैज्ञानिक और तकनीकी प्रगति के साथ बीमारियों से बचाव और पैदावार बढ़ाने के लिए कीटनाशक व खाद उपलब्ध हैं।
तुलना करें तो सेब उत्पादन में अग्रणी न्यूजीलैंड जैसे देशों में उत्पादकता 55 टन प्रति हेक्टेयर से अधिक है।
लेख की सह-लेखक और कृषि विज्ञान केंद्र शिमला की वरिष्ठ वैज्ञानिक उषा शर्मा ने बताया कि कीटनाशकों और उर्वरकों का अनुचित व असंतुलित इस्तेमाल उत्पादकता घटने के प्रमुख कारणों में शामिल है।
उन्होंने कहा कि कीटनाशकों और खाद के अंधाधुंध प्रयोग से मिट्टी और पौधों की सेहत प्रभावित हुई है। रसायनों के साथ जलवायु परिवर्तन भी सेब की पैदावार पर असर डाल रहे हैं।
उषा शर्मा के मुताबिक, 1980 के दशक की शुरुआत तक कीटनाशकों और खाद का इस्तेमाल सीमित था। वर्ष 1983-84 में स्कैब नामक फंगल बीमारी फैलने के बाद बागवानों ने फसल को बचाने के लिए नियमित रूप से कीटनाशकों का प्रयोग शुरू किया। समय के साथ इनका इस्तेमाल असंतुलित होता गया, जिससे मिट्टी और पौधों की सेहत पर प्रतिकूल असर पड़ा।
वैज्ञानिकों ने बदलती जलवायु को भी पैदावार में गिरावट का अहम कारण बताया है। गर्म होती सर्दियां और अनियमित बारिश से सेब उत्पादन प्रभावित हो रहा है। पारंपरिक किस्मों के लिए बदलते पर्यावरण के अनुरूप ढलना मुश्किल होता जा रहा है।
इस साल का मौसम इसका उदाहरण है। फूल आने के चरण में प्रतिकूल मौसम ने उत्पादन को नुकसान पहुंचाया। इस वर्ष सेब उत्पादन 1.70 करोड़ पेटियों से अधिक रहने की संभावना नहीं है, जो हाल के वर्षों के सबसे कम आंकड़ों में शामिल होगा।
वैज्ञानिकों ने मिट्टी की सेहत सुधारने, जैव विविधता बढ़ाने और पर्यावरणीय संतुलन बनाए रखने के लिए प्राकृतिक व पुनर्योजी खेती को टिकाऊ विकल्प के रूप में अपनाने की सलाह दी है।













